मेफेयर में भारतीय जनता युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने किया प्रदर्शन

Chhattisgarh Crimes

रायपुर। झारखंड से रायपुर आए विधायकों का पुरजोर विरोध हो रहा है। भारतीय जनता युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को मेफेयर रिजॉर्ट घेर दिया। रायपुर से नवा रायपुर पहुंचकर भारतीय जनता युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने बवाल कर दिया। इन्हें काबू करने में पुलिस को भी भारी मशक्कत करनी पड़ी। बड़ी तादाद में मेफेयर रिजॉर्ट के बाहर पुलिस फोर्स तैनात की गई थी।

भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष अमित साहू मेफेयर रिजॉर्ट के दूसरे गेट से अपनी कार लेकर अंदर जाने लगे। इतने में पुलिस ने उन्हें रोका।अमित साहू के समर्थक पुलिस से भिड़ गए। साहू की कार गेट के बाहर खड़ी थी और पुलिस के साथ कार्यकर्ता धक्का-मुक्की कर रहे थे।

बवाल बढ़ता देख पुलिस ने भी मेफेयर रिजॉर्ट के अंदर मौजूद अपनी कार को अमित साहू की कार के सामने खड़ा कर दिया। इसके बाद हंगामा बढ़ गया। पुलिस और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच झूमाझटकी हुई। कार्यकर्ता बैरिकेड हटाकर गेट के भीतर जाने लगे। कुछ देर चली धक्का-मुक्की के बाद भाजयुमो कार्यकर्ता मेफेयर कि दूसरे गेट पर पहुंच गए।

रिजॉर्ट के मुख्य गेट से कुछ दूरी पर पर पुलिस ने बैरिकेडिंग कर रखी थी। अमित साहू अपने समर्थकों के साथ यहां पहुंच गए। नारेबाजी करने लगे, नेताओं ने अपने हाथ में अंकिता हम शर्मिंदा हैं तेरे कातिल जिंदा है लिखा पोस्टर थाम रखा था। झारखंड के चर्चित अंकिता हत्याकांड का दोष भाजपा के नेता यहां आए झारखंड के कांग्रेस विधायकों पर थोपते दिखे।

दरअसल, झारखंड में हुए अंकिता हत्याकांड मामले का विरोध करते हुए भाजयुमो नेताओं ने रायपुर में ठहरे हुए झारखंड के विधायकों का विरोध किया। मेफेयर रिजॉर्ट के बाहर करीब 2 घंटे तक जबरदस्त हंगामा चलता रहा। रायपुर ग्रामीण एसपी कीर्तन राठोर अपनी टीम के साथ तैनात थे। इसके बाद एक बस में कार्यकर्ताओं को भरकर पुलिस मेफेयर से दूर ले गई।

इस प्रदर्शन के दौरान पुलिस जवानों से कार्यकर्ता भिड़ गए। कुछ भाजपा कार्यकर्ता पुलिसवालों को खींचते, उन्हें पोजिशन से हटाते दिखे। जवानों ने भी हल्का बल प्रयोग किया और भाजपा कार्यकर्ताओं को खदेड़ते नजर आए। इस बीच कार्यकर्ता पुलिस की धक्का-मुक्की से तंग आकर उन्हें धमकाने भी लगे। कुछ अफसरों के साथ भाजपा नेताओं की जबरदस्त तीखी बहस भी हुई।