भिलाई स्टील प्लांट का ठेका कर्मचारी गर्म स्लैग में झुलस गया

Chhattisgarh Crimesभिलाई स्टील प्लांट का ठेका कर्मचारी गर्म स्लैग में झुलस गया। उसके दोनों पैर बुरी तरह जल गए। इसके बाद उसे गंभीर हालत में मेन मेडिकल पोस्ट लाया गया। जहां से सेक्टर-9 हॉस्पिटल रेफर किया गया। बीएसपी के कर्मचारी यूनियन ने इस घटना के लिए बीएसपी प्रबंधन को जिम्मेदार बताया है।जानकारी के मुताबिक, धनेदर कुमार (48) भिलाई स्टील प्लांट में कैलरीस इंडिया रिफैक्ट्रीज लिमिटेड कंपनी के अंडर में ठेके पर काम कर रहा है। उसकी ड्यूटी ब्लास्ट फर्नेस क्रमांक-6 के स्लैग नाले में लगाई गई थी। सोमवार को वहां पर काम कर रहा था। इसी दौरान फर्नेस से गर्म स्लैग का आ जाने से उसके दोनों पैर जल गए।

 

कर्मचारी की चीख पुकार सुनकर दूसरे लोग वहां पहुंचे। उसे गंभीर हालत में वहां से निकालकर मेन मेडिकल पोस्ट ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने तत्काल सेक्टर 9 अस्पताल भेजा। उसका बर्न यूनिट में इलाज चल रहा है। कर्मचारी की हालत गंभीर बताई जा रही है।

 

यूनियन ने कहा- दुर्घटना के लिए प्रबंधन जिम्मेदार

 

भिलाई इस्पात मजदूर संघ ने इस दुर्घटना के लिए प्रबंधन और ठेकेदारों को जिम्मेदार बताया है। उनका कहना है कि उनकी लापरवाही के कारण संयंत्र में लगातार दुर्घटनाएं हो रही है। सेल हर साल सेफ्टी के नाम पर करोड़ों रुपए खर्च करता है। इसके बावजूद भी इसमें कोई सुधार नहीं हो रहा है।कहा स्थिति नहीं सुधरी तो किया जाएगा आंदोलन

 

भिलाई इस्पात मज़दूर संघ के महामंत्री चन्ना केशवलू ने संयंत्र में लगातार हो रही दुर्घटनाओं में वहां कार्यरत कर्मचारियों की मौत और उनके घायल होने पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि, अब रोक लगनी चाहिए। इसके लिए ज़िम्मेदार अधिकारी और ठेकेदारों पर सख्त कार्रवाई करने की आवश्यकता है। यदि प्रबंधन ने ऐसा नहीं किया तो भिलाई इस्पात मज़दूर संघ यूनियन प्रबंधन के खिलाफ प्रदर्शन और आंदोलन करेगा।

Exit mobile version