
हिरोशिमा। जापान के हिरोशिमा शहर में G7 की बैठक शुरू होने से पहले अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। इस दौरान वो वर्ल्ड लीडर्स के बीच मोदी से मिलने उनकी सीट तक आए और उन्हें गले लगाया। दोनों नेता थोड़ी देर बाद QUAD देशों की बैठक में शामिल होंगे।
वहीं, G7 के देशों ने चीन का नाम लिए बिना दुनिया से किसी एक देश के आर्थिक दबदबे को खत्म करने के लिए काम करने की शपथ ली है। स्टेटमेंट जारी कर कहा गया कि अगर G7 और उसके साथी देशों के आर्थिक हालातों को हथियार के तौर पर इस्तेमाल किया गया तो उसका परिणाम भुगतना होगा। किसी एक देश के आर्थिक दबदबे को रोकने के लिए जरूरी कदम उठाए जाएंगे। साथ ही G7 देशों ने चीन से अपील भी की है कि वो जंग खत्म करने के लिए रूस पर दबाव बनाए।
क्वाड की बैठक में फिर मिलेंगे बाइडेन और मोदी
वहीं, इंडो-पैसिफिक में चीन को काउंटर करने के लिए बनाए गए QUAD देशों की बैठक भी हिरोशिमा शहर में होगी। व्हाइट हाउस ने बयान जारी कर बताया है कि QUAD की बैठक हिरोशिमा में ही करने के लिए राष्ट्रपति बाइडेन ने जापान, ऑस्ट्रेलिया और भारत के प्रधानमंत्री को धन्यवाद दिया है।
दरअसल, अमेरिका के ट्रेजरी विभाग ने इस महीने चेतावनी दी थी कि अमेरिकी सरकार की कर्ज लेने की सीमा को बढ़ाया नहीं गया तो देश 1 जून तक दिवालिया हो सकता है। ऐसे में बाइडेन को क्वाड की बैठक रद्द करनी पड़ी थी।
PM मोदी ने हिरोशिमा में किया गांधी की प्रतिमा का अनावरण
इससे पहले PM मोदी ने जापान के प्रधानमंत्री फुमियो किशिदा से मुलाकात की। दोनों नेताओं के बीच द्विपक्षीय वार्ता भी हुई। मोदी ने कहा कि जापानी PM फुमियो किशिदा के साथ बेहतरीन बातचीत हुई। हमने भारत-जापान के रिश्तों को और बेहतर बनाने पर जोर दिया।
PM मोदी ने हिरोशिमा में महात्मा गांधी की प्रतिमा का अनावरण किया। मोदी ने कहा, ‘आज भी दुनिया ‘हिरोशिमा’ शब्द सुनते ही सहम जाती है। मुझे G7 शिखर सम्मेलन के लिए अपनी जापान यात्रा के दौरान महात्मा गांधी की प्रतिमा का अनावरण करने का अवसर मिला।’ ‘ हिरोशिमा में महात्मा गांधी की मूर्ति अहिंसा के विचार को आगे बढ़ाएगी। मैंने जापानी PM को जो बोधि वृक्ष उपहार में दिया था, वह यहां हिरोशिमा में लगाया गया है ताकि लोग यहां आने पर शांति के महत्व को समझ सकें।’