
पूरन मेश्राम/मैनपुर। थाना छुरा क्षेत्रांतर्गत ग्राम मंडेली में ‘युवा क्रांति ग्राम समिति’ के तत्वावधान में दिनांक 24 और 25 अक्टूबर 2026 को दो दिवसीय महिला एवं पुरुष वर्ग की कबड्डी प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में विभिन्न क्षेत्रों से आई महिला एवं पुरुष टीमों ने भाग लेकर अपने उत्कृष्ट खेल कौशल का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम के समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह में छुरा अनुविभागीय अधिकारी पुलिस (एसडीओपी) गरिमा दादर थाना छुरा के पुलिस बल के साथ उपस्थित रहीं। विशेष अतिथि के रूप में भारतीय महिला कबड्डी टीम की सदस्य संजू देवी यादव भी शामिल हुईं जिनकी उपस्थिति ने खिलाड़ियों और ग्रामीणों में विशेष उत्साह भर दिया।समारोह के दौरान अतिथियों ने खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाया और ग्रामीणों को संबोधित किया:
खेल एवं युवा प्रेरणा भारतीय महिला कबड्डी टीम की सदस्य संजू देवी यादव ने युवाओं, विशेषकर बेटियों को खेलों में आगे आने और देश व क्षेत्र का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया। वहीं एसडीओपी गरिमा दादर ने जीवन में खेल के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि खेल स्वास्थ्य, अनुशासन और टीम भावना के विकास के लिए आवश्यक हैं।
साइबर जागरूकता
ऑनलाइन ठगी, फर्जी लिंक, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग और ओटीपी शेयर न करने के संबंध में ग्रामीणों को जागरूक किया गया।
नशे के दुष्प्रभाव युवाओं को नशे से दूर रहने का संदेश देते हुए इसके शारीरिक, पारिवारिक और सामाजिक नुकसानों से अवगत कराया गया।
घरेलू हिंसा एवं महिला अपराध महिलाओं के अधिकारों, कानूनी सुरक्षा प्रावधानों और महिला संबंधी अपराधों की रोकथाम पर जानकारी देते हुए किसी भी समस्या पर तुरंत पुलिस से संपर्क करने की सलाह दी गई।इस अवसर पर ग्राम मंडेली के जनप्रतिनिधि, युवा क्रांति ग्राम समिति के पदाधिकारी, थाना छुरा के पुलिस अधिकारी-कर्मचारी, खिलाड़ी और बड़ी संख्या में ग्रामीण जन उपस्थित रहे। आयोजकों ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया।