छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में फूड इंस्पेक्टर, हॉस्टल अधीक्षक और पटवारी जैसे सरकारी पदों पर नौकरी लगाने के नाम पर 43 लाख रुपए की ठगी

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ के बिलासपुर में फूड इंस्पेक्टर, हॉस्टल अधीक्षक और पटवारी जैसे सरकारी पदों पर नौकरी लगाने के नाम पर 43 लाख रुपए की ठगी हुई है। अब पुलिस ने इस केस में पैसे लेने वालों 2 और पैसे देने वाले पीड़ित को भी गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

पुलिस अफसरों का मानना है कि, आरोपियों को पैसे देने वाले पिता ने शासकीय नियुक्ति के लिए तय प्रक्रिया का पालन नहीं कर नियम विपरीत बेईमानी की। नौकरी के लालच में आकर आरोपियों को 43 लाख रुपए देकर शासन के साथ छल किया है। पूरा मामला तखतपुर थाना क्षेत्र का है।

क्या है पूरा मामला

दरअसल, उसलापुर नेचर सिटी निवासी सूर्यकांत जायसवाल (55) के दो बेटे और एक बेटी हैं। तखतपुर के निगारबंद निवासी विष्णु प्रसाद राजपूत (67) के साथ उनके पुरानी जान-पहचान है। उनके दोनों बेटे और बेटी सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे थे।

इस दौरान विष्णु राजपूत ने उन्हें बताया कि तारबाहर क्षेत्र के तितली चौक रेलवे हाउस के पास रहने वाला जावेद खान मंत्रालय में पदस्थ है। उसकी अच्छी पहुंच है और वो कई लोगों को सरकारी नौकरी लगाने का दावा करता है। उसके कहने पर सूर्यकांत अपने बेटों और बेटी की सरकारी नौकरी लगवाने के लालच में आ गया।

पति-पत्नी ने मिलकर वसूले 43 लाख रुपए

जिसके बाद उन्होंने फरवरी 2022 में जावेद खान से मुलाकात की। जावेद ने उन्हें भरोसा दिलाया कि वह अब तक कई लोगों को सरकारी नौकरी दिला चुका है। उसने दावा कि मंत्रालय में सभी विभागों के अफसरों तक उसकी पहुंच है। वो फूड इंस्पेक्टर, हॉस्टल अधीक्षक और पटवारी जैसे सरकारी पदों पर नौकरी लगवा सकता है।

इस पर सूर्यकांत ने अपने बच्चों को नौकरी लगवाने के लिए सौदा तय किया। जिसके बाद जावेद खान और उसकी पत्नी सीमा खान, अनीश राजपूत, विष्णु राजपूत को लेकर तखतपुर में मिले। जहां फरवरी 2022 से जून 2023 के बीच अलग-अलग किस्तों में कुल 43 लाख रुपए वसूल लिए।

गिरोह चलाने की जानकारी मिली, तब की शिकायत

इस बीच सूर्यकांत दो साल तक अपने बच्चों के सरकारी नौकरी मिलने का इंतजार करता रहा। इसके बाद भी किसी की नौकरी नहीं लगी। तब पता चला कि जावेद खान इस तरह से कई युवाओं को ठगी का शिकार बना चुका है। लाखों रुपए वसूल लिया है। तब परेशान होकर सूर्यकांत जायसवाल ने मामले की शिकायत एसएसपी रजनेश सिंह से की।

Exit mobile version