कोंडागांव जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत केशकाल पुलिस ने अंतरराज्यीय गांजा तस्करी के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए राजस्थान के एक आरोपी को गिरफ्तार किया

Chhattisgarh Crimesकोंडागांव जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत केशकाल पुलिस ने अंतरराज्यीय गांजा तस्करी के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए राजस्थान के एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से 112.076 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत 11 लाख 20 हजार 760 रुपये बताई जा रही है। तस्करी में प्रयुक्त काले रंग की वोक्सवैगन कार (MH 02 BR 0045) भी जब्त की गई है।

मुखबिर से मिली ख़बर पर पुलिस ने की कार्रवाई

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, जिले में अवैध गांजा, शराब तस्करी और असामाजिक तत्वों के खिलाफ लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत 5 मार्च 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक काले रंग की वोक्सवैगन कार में अवैध गांजा छिपाकर ओडिशा से रायपुर की ओर जगदलपुर-केशकाल मार्ग से ले जाया जा रहा है।सूचना के आधार पर थाना केशकाल के सामने एक चेक पोस्ट (एमसीपी) लगाया गया। पुलिस टीम संदिग्ध वाहन का इंतजार कर रही थी। कुछ समय बाद बताई गई कार वहां पहुंची, जिसे पुलिस ने रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक वाहन को तेज रफ्तार में कांकेर की ओर भगाने लगा। पुलिस टीम ने तत्काल शासकीय वाहन से पीछा शुरू किया। भागते हुए वाहन को रोकने के लिए पुलिस सहायता केंद्र दादरगढ़ के पास बैरिकेडिंग लगाई गई। चालक ने बैरिकेड को टक्कर मार दी, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतर गया। इसके बाद चालक वाहन से कूदकर भागने की कोशिश करने लगा, जिसे पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ लिया।

पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम शैतान सिंह गौर (28 वर्ष) बताया, जो महावीर सिंह गौर का पुत्र और राजस्थान के चित्तौड़गढ़ जिले के बैगुन तहसील के मुरलिया गांव का निवासी है। वाहन की तलाशी लेने पर डिक्की से भूरे रंग के सेलो टेप से पैक किए गए 27 पैकेट बरामद हुए। इन पैकेटों में कुल 112.076 किलोग्राम गांजा पाया गया।

एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज

पुलिस ने आरोपी शैतान सिंह गौर के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी विकास बघेल, सहायक उपनिरीक्षक सुरेश मरकाम और प्रधान आरक्षक प्रशांत जुर्री की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Exit mobile version