बिलासपुर जिला सहकारी बैंक की रतनपुर शाखा में एक किसान के 35 हजार रुपये की पॉकेटमारी हो गई

Chhattisgarh Crimesबिलासपुर जिला सहकारी बैंक की रतनपुर शाखा में एक किसान के 35 हजार रुपये की पॉकेटमारी हो गई। यह घटना सोमवार दोपहर को तब हुई जब किसान ने बैंक से धान बिक्री की रकम निकाली थी। रतनपुर पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपी को कबीरधाम जिले से गिरफ्तार कर लिया है।

बैंक में ही चोर ने की थी जेबकतरी

रैनपुर (कर्रा) निवासी छतलाल कैवर्त और जूनाशहर रतनपुर निवासी कमलेश कुमार ने रतनपुर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि 2 मार्च को जिला सहकारी बैंक की रतनपुर शाखा से उन्होंने धान बिक्री के क्रमशः 18,000 रुपये और 17,000 रुपये निकाले थे। बैंक में ही किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनकी जेब से ये नकदी चुरा ली।

सीसीटीवी फुटेज से हुई चोर की पहचान

शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात चोर के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने बैंक और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और संदिग्ध के बारे में लोगों से पूछताछ की। फुटेज में दिख रहे संदिग्ध की पहचान पंडरिया निवासी सुरेंद्र संवरा के रूप में हुई।

इस जानकारी के आधार पर रतनपुर थाना प्रभारी नीलेश पांडे ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए एक टीम पंडरिया, कबीरधाम रवाना की। पुलिस ने आरोपी के घर पर दबिश देकर उसे हिरासत में लिया और पूछताछ की। सुरेंद्र संवरा ने चोरी और उसमें से 2,000 रुपये खर्च करने की बात स्वीकार की। पुलिस ने पॉकेटमार सुरेंद्र संवरा से 33 हजार रुपये बरामद किए हैं। उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

Exit mobile version