रायपुर। रायपुर में गुरुवार को भारतीय जनता पार्टी ने नगरीय प्रशासन मंत्री के बंगले का घेराव किया। दोपहर के वक्त तेलीबांधा तालाब के पास भाजपा के जिला स्तर के सभी नेता पहुंच गए। इसके बाद सभी विधायक बृजमोहन अग्रवाल की अगुवाई में सभी मंत्री शिव डहरिया के बंगले का घेराव करने निकले।
तेलीबांधा के मोड़ पर ही पुलिस ने जबरदस्त बैरीकेडिंग कर रखी थी। भाजपा नेताओं को आगे जाने नहीं दिया। पुलिस के रोके जाने से नाराज भाजपा नेताओं ने सड़क पर ही बैठकर धरना दिया। यहां बृजमोहन अग्रवाल ने नारे-बाजी करते हुए कहा कि नगर निगम क्षेत्र में लोगों को टैक्स हाफ कर राहत देने का वादा कांग्रेस ने किया था, ये वादा नहीं पूरा हुआ।
बृजमोहन ने आगे कहा कि सम्पत्ति पर भारी भरकम यूजर चार्ज के विरोध में हमने ये प्रदर्शन किया है। कांग्रेस के घोषणानुसार सम्पत्ति कर आधा करने की माँग को लेकर जनता के गुस्से की आवाज बनकर हम बढ़ रहे थे मगर बीच रास्ते में पुलिस ने हमें रोका। कांग्रेस राज में कांग्रेसियों की जेब में ज्यादा पैसा जाता है। इन्होंने नगर निगम को कंगाल कर दिया है। भाजपा ने पिछले 15 सालों में शहर को मेट्रो का स्वरूप दिया, इनसे सड़क के गड्ढे भी नहीं भरे जा रहे हैं। देश के मेट्रो शहरों मुंबई, चैन्नई, कोलकाता और दिल्ली से अधिक रायपुर शहर में यूजर चार्ज लिया जा रहा है। हमारी कोई अतिरिक्त माँग नहीं सम्पत्ति कर, यूजर चार्ज का वादा पूरा करे कांग्रेस सरकार।