‘हिंसा और नफरत फैलाकर सत्ता हासिल करना चाहती है BJP’ : CM भूपेश

Chhattisgarh Crimes

जगदलपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि, छत्तीसगढ़ में भाजपा नफरत और हिंसा फैलाकर सत्ता हासिल करना चाह रही है। जबकि, हम लोगों की सेवा कर आगे बढ़ रहे हैं। नारायणपुर में पुलिस कर्मियों पर हमला किया। नारायणपुर की हिंसक घटना में सर्व आदिवासी समाज ने अपने आप को अलग कर लिया। तो अब भाजपा बची और उन्हीं के लोग अभी अंदर हैं।

दरअसल, 2 दिन पहले बस्तर प्रवास पर रहे छत्तीसगढ़ भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव ने धर्मांतरण के मामले पर कांग्रेस सरकार को घेरा था। अब मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने अरुण साव के बयानों का पलटवार किया है। मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि, भाजपा के शासनकाल में धर्मांतरण हुआ है। जितने भी चर्च बने हैं, सब भाजपा की सरकार के समय बने हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अभी जितने भी मौतें हो रही हैं, 15 साल में जिन लोगों ने धर्मांतरण किया था उनकी मौत हो रही है। ऐसा नहीं है कि, आज किसी ने धर्मांतरण किया हो और आज ही उसकी मृत्यु हो गई हो। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि मृत्यु कब किसकी आएगी ये कोई नहीं जानता। CM ने कहा कि, भाजपा नफरत फैला रही है। हम रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य, संस्कृति और क्षेत्र की उन्नति के लिए काम कर रहे हैं।

मुख्ममंत्री भूपेश बघेल ने बस्तर के गिरोला में आमसभा को संबोधित करते कहा था कि, पिछली सरकार में आदिवासियों को फर्जी केस में जेल में ठूंसने का काम हुआ है। लेकिन, जब हमारी सरकार आई तो हमने जेल में बंद आदिवासियों को छुड़वाया। आज सैकड़ों आदिवासी बाहर हैं। भाजपा की सरकार में आदिवासी गांव और पूरा बस्तर छोड़ने के लिए बाध्य थे। लेकिन अब अपने गांव में खुशी से रह रहे हैं। बस्तर में आज एक भी फर्जी एनकाउंटर नहीं हो रहा है। CM ने कहा कि, इस साल सबसे कम नक्सल घटनाएं हुई हैं। बस्तर में शांति लौट रही है।