
रायपुर। छत्तीसगढ़ में हल्की ठंड की शुरुआत हो गई है। न्यूनतम तापमान में लगातार गिरावट हो रही है। मौसम विभाग के मुताबिक, आने वाले 24 घंटे में प्रदेश में अधिकतम तापमान में कोई विशेष परिवर्तन होने की संभावना नहीं है। न्यूनतम तापमान में 1 से 2 डिग्री की गिरावट संभावित है। रविवार को प्रदेश के कई को इन शहरों में 31 से 33 डिग्री के बीच तापमान रहा। सबसे अधिक तापमान 32.7 डिग्री रायगढ़ में दर्ज किया गया। वही न्यूनतम तापमान 14.8 डिग्री कोरिया में दर्ज किया गया। मौसम वैज्ञानिक ने बताया कि नवंबर से ठंड का असर तेज हो जाएगा।
सुबह छाने लगी कोहरे की चादर
रायपुर सहित राज्य के ज्यादातर इलाकों में न्यूनतम तापमान सामान्य नीचे गिर गया है। इससे हवा में नमी बढ़ गई है। इसके असर से राजधानी सहित कई जिलों में सुबह कहीं हल्का तो कहीं घना कोहरा छाने लगा है। दिन के तापमान में लगातार कमी आने लगी है। अभी उत्तर पूर्वी हवाओं का असर पूरी तरह शुरू नहीं हुआ है।
मौसम विभाग के अनुसार रायपुर के अलावा बिलासपुर, दुर्ग और राजनांदगांव सहित अन्य मैदानी इलाकों में न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे गिर गया है। इस वजह से इन इलाकों में सुबह और शाम को आउटर में हल्की ठंड महसूस हो रही है। एक दो दिन के भीतर तापमान कम होने से दिन में गर्मी से राहत मिलेगी।
ऐसा रहा मौसम का मिजाज
रविवार को रायपुर में दिन का तापमान 32.6 डिग्री, बिलासपुर 31. 5 डिग्री , दुर्ग 32 . 6 डिग्री सेल्सियस रहा। सबसे ज्यादा तापमान रायगढ़ में 32.7 डिग्री सेल्सियस रहा। रात की बात करें तो कोरिया में तापमान सबसे कम है। यहां पारा 14.8 डिग्री पहुंच गया है। बलरामपुर में भी तापमान 14.8 डिग्री पहुंच गया है। सरगुजा में न्यूनतम तापमान 16 डिग्री है। इसके अलावा बिलासपुर, मुंगेली, राजनांदगांव, नारायणपुर, कांकेर, बस्तर, दंतेवाड़ा में रात का तापमान 20 डिग्री से नीचे रिकार्ड किया गया है।