रायपुर। छत्तीसगढ़ एनएसयूआइ को जल्द ही नया प्रदेश अध्यक्ष मिल जाएगा। प्रदर्शन के आधार पर अध्यक्ष पद के लिए 10 से 12 नामों को फाइनल किया गया है। इन्हें शनिवार को दिल्ली के एनएसयूआइ कार्यालय में साक्षात्कार के लिए बुलाया गया है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, प्रदर्शन के आधार पर प्रदेश के जिन 10-12 पदाधिकारियों का दिल्ली में साक्षात्कार के लिए चयन किया गया है।
इनमें भावेश शुक्ला, आदिल खेरानी, तनमीत छाबड़ा, अमित शर्मा और आदित्य सिंह का नाम शामिल है। एनएसयूआइ के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीरज कुंदन ने बताया कि कार्यों के आधार पर मध्यप्रदेश और छतीसगढ़ से 10 से 12 नाम को फाइनल किया गया है। इन्हें दिल्ली में इंटरव्यू के लिए दिल्ली स्थित संगठन कार्यालय में आमंत्रित किया गया है।
जल्द ही दोनों ही प्रदेश को नया प्रदेश अध्यक्ष मिल जाएगा। एनएसयूआइ के छत्तीसगढ़ प्रभारी विशाल चौधरी ने नए प्रदेश अध्यक्ष की चयन प्रक्रिया की जानकारी देते हुए बताया कि प्रदर्शन के आधार पर प्रदेश के 10 से 12 नाम को फाइनल किया गया है। इसमें वर्तमान बाडी के प्रदेश उपाध्यक्ष, महासचिव, जिला अध्यक्ष और संगठन में ज्यादा से ज्यादा सदस्यों को जोड़ने वालों को शामिल किया गया है।
सात साल बाद बदलाव
पिछले सात सालों से एनएसयूआइ का चुनाव नहीं हुआ है। आकाश शर्मा एनएसयूआइ के अध्यक्ष हैं। पहली बार एनएसयूआइ के पदाधिकारियों को चयन साक्षात्कार के तहत किया जा रहा है। इसके बाद उम्मीद की जा रही है कि जल्द ही यूथ कांग्रेस का चुनाव होगा। उसके लिए भी काफी जद्दोजहद शुरू हो गई है।