छत्तीसगढ़ में IAS अफसरों की जिम्मेदारी बदली:प्रतिनियुक्ति पर जम्मू-कश्मीर भेजे गए शिव अनंत तायल

Chhattisgarh Crimes

रायपुर। छत्तीसगढ़ कैडर के भारतीय प्रशासनिक सेवा अधिकारी शिव अनंत तायल अब जम्मू-कश्मीर सरकार को अपनी सेवा देंगे। केंद्रीय कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग की सहमति के बाद राज्य सरकार ने उन्हें जिम्मेदारियों से मुक्त कर दिया है। अब उनके विभागों की जिम्मेदारी तीन अधिकारियों को दी गई है।

भारतीय प्रशासनिक सेवा 2012 बैच के अधिकारी शिव अनंत तायल अभी कृषि विभाग में संयुक्त सचिव की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। उनके पास छत्तीसगढ़ कृषि मंडी बोर्ड के प्रबंध संचालक की भी जिम्मेदारी थी। केंद्रीय कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग ने सितंबर महीने में उनको इंटर कैडर डेप्युटेशन पर जम्मू-कश्मीर भेजे जाने की अधिसूचना जारी की थी। अब राज्य सरकार ने उनकी सेवा जम्मू-कश्मीर सरकार को सौंप कर कार्यमुक्त कर दिया है। तायल अब श्रीनगर जाकर अपनी नई जिम्मेदारी संभालेंगे।

उनको कार्यमुक्त किए जाने के बाद तीन IAS अधिकारियों को उनके विभागों की अतिरिक्त जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। 2006 बैच के IAS भुवनेश यादव को मंडी बोर्ड का प्रबंध संचालक बनाया गया है। यादव अभी उच्च शिक्षा विभाग में विशेष सचिव हैं। उनके पास राज्य बीज एवं कृषि विकास निगम के प्रबंध संचालक की भी जिम्मेदारी है।

भुवनेश खुद अवकाश पर, तब तक दूसरों को जिम्मेदारी

IAS भुवनेश यादव खुद अवकाश पर हैं। ऐसे में नई जिम्मेदारी जूनियर अफसरों को दी गई है। 2016 बैच की चंदन त्रिपाठी अब मंडी बोर्ड की MD का प्रभार संभालेंगी। त्रिपाठी अभी पशु चिकित्सा विभाग की संचालक हैं। 2016 बैच की ही तुलिका प्रजापति कुछ दिनों तक बीज एवं कृषि विकास निगम की MD होंगी। प्रजापति अभी कृषि विभाग में उप सचिव हैं।

2018 में जम्मू-कश्मीर भेजे गए थे सुब्रमण्यम

छत्तीसगढ़ कैडर के वरिष्ठ IAS अधिकारी बीवीआर सुब्रमण्यम 2018 में जम्मू-कश्मीर भेजे गए थे। वहां उन्हें मुख्य सचिव बनाया गया। जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के पुनर्गठन में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है। 1987 बैच के सुब्रमण्यम अभी केंद्र सरकार में वाणिज्य सचिव की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।