लेकिन इस बार के टॉपर्स को हेलीकॉप्टर राइड नहीं मिलेगी। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने साफ कहा है कि टॉपर्स को प्रोत्साहन राशि दी जाएगी, लेकिन हेलीकॉप्टर राइड की जगह कोई नया विकल्प देखा जा रहा है। यानी इस बार विद्यार्थियों को हवाई सैर नहीं कराई जाएगी।
साल 2024 के ही टॉपर्स स्टूडेंट राइड और प्रोत्साहन राशि के इंतजार में हैं। ऐसे में सीएम के इस बयान के बाद ये तो साफ है कि हेलीकॉप्टर राइड की जगह अब सरकार कोई नई योजना ला सकती है।
सम्मान समारोह में देरी, लेकिन इनाम मिलेगा
सीजी बोर्ड परीक्षा 2024 के टॉपर्स को अब तक न तो सम्मान समारोह मिला है और न ही प्रोत्साहन राशि। बोर्ड परीक्षा 2024 में 10वीं के 73 और 12वीं के 23 विद्यार्थियों ने टॉप किया था।
यह सूची मार्च में हुई पहली बोर्ड परीक्षा के आधार पर तैयार की गई है। पिछले साल सितंबर 2024 में मेरिट लिस्ट जारी होने के बाद से ही टॉपर्स सम्मान समारोह का इंतजार कर रहे हैं।
माध्यमिक शिक्षा मंडल ने पहले ही शासन को इस संबंध में पत्र भेजा था लेकिन अब उम्मीद की जानी चाहिए कि सरकार जल्द ही सम्मान समारोह का आयोजन करा सकती है।
क्या है हेलिकॉप्टर राइड योजना?
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने अपने कार्यकाल में छत्तीसगढ़ बोर्ड के टॉपर्स को हेलीकॉप्टर राइड कराने की शुरुआत की थी। इसके तहत हर साल जिलेवार टॉपर्स को 10 मिनट की हेलीकॉप्टर राइड मिलती थी।
योजना का मकसद टॉपर्स को प्रोत्साहित करना था। पिछले साल सरकार बदलने के बाद योजना ठंडे बस्ते में चली गई थी। अब नई सरकार इस पर पुनर्विचार कर रही है।
हवाई सैर पर संशय बरकरार
अब तक हर साल टॉपर्स को डेढ़ लाख रुपए की प्रोत्साहन राशि के साथ हेलीकॉप्टर की सैर भी कराई जाती थी।
लेकिन इस बार मुख्यमंत्री ने कहा है कि हेलीकॉप्टर राइड को लेकर विकल्प तलाशे जा रहे हैं और इस पर जल्द निर्णय लिया जाएगा। यानी टॉपर्स की हवाई सैर अब तक पक्की नहीं है।