
पिछले 10-12 दिनों में मौसम में आए बदलाव के कारण कई जिलों में दिन का तापमान 5 डिग्री तक कम है।
मौसम विभाग के मुताबिक अगले 48 घंटों तक अधिकतम तापमान में बदलाव नहीं होगा। उसके बाद 1-3 डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है। बुधवार को सबसे गर्म दुर्ग रहा। यहां अधिकतम तापमान 39.2°C रिकॉर्ड किया गया।
इसलिए बदल रहा मौसम
मौसम विभाग के मुताबिक वेस्टर्न डिस्टरबेंस, ट्रफ और साइक्लोनिक सर्कुलेशन दक्षिण-पश्चिम राजस्थान, उत्तरी झारखंड तक बना हुआ है। जिसके असर से बस्तर संभाग में मौसम बदला रहेगा। गरज चमक के साथ यहां 30-40 किमी की रफ्तार से हवा भी चल सकती है।
क्या होता है वेस्टर्न डिस्टरबेंस (पश्चिमी विक्षोभ)? वेस्टर्न डिस्टरबेंस (पश्चिमी विक्षोभ) कैस्पियन या भूमध्य सागर से बनने वाले तूफान होते हैं। ये भारत के उत्तर-पश्चिमी क्षेत्रों में बारिश और ठंड लाने का काम करते हैं। असल में ये हवाएं बर्फीली होती हैं, जो अपने साथ नमी लेकर आती हैं।
वेस्टर्न डिस्टरबेंस (पश्चिमी विक्षोभ) भूमध्यसागर से निकलती हैं। इसके बाद ये ईरान, इराक, अफगानिस्तान और पाकिस्तान से होते हुए सीधा भारत पहुंचती हैं। यहां पहुंचते ही यह मैदानी इलाकों में अपना असर दिखाने लगती हैं।
रायपुर में पड़ सकती हैं बौछारें
आज सुबह से मौसम साफ है। दोपहर के बाद धूप-छांव वाला मौसम रह सकता है। कहीं-कहीं गरज चमक के साथ बारिश हो सकती है। दिन का पारा 39 डिग्री और रात का तापमान 25 डिग्री के आस-पास रहने की संभावना है।
बुधवार को दिन का तापमान 39 डिग्री रहा जो सामान्य से 2.1 डिग्री कम था, जबकि न्यूनतम तापमान 25.7 डिग्री रहा। यह भी औसत से 1.2 डिग्री कम था।
बिलासपुर में अधिकतम तापमान 4 डिग्री कम
बुधवार को बिलासपुर में अधिकतम तापमान 38.8 डिग्री रिकॉर्ड किया गया जो सामान्य से करीब 4.1 डिग्री कम रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 25.2 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में अधिकतम तापमान 37.1 डिग्री और न्यूनतम तापमान 20.8 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। रात का तापमान सामान्य से 4.1 डिग्री कम रहा।
सरगुजा संभाग में पारा सामान्य से कम
मौसम विभाग के मुताबिक सरगुजा संभाग के जिलों में भी दिन का तापमान सामान्य से कम रहा। अंबिकापुर में अधिकतम तापमान 36.5 डिग्री रहा जो औसत से करीब 3 डिग्री कम था। वहीं न्यूनतम तापमान 22.2 डिग्री रहा जो नॉर्मल टेम्प्रेचर से 2.4 डिग्री कम था।
दुर्ग सबसे गर्म
बुधवार को दुर्ग जिला प्रदेश में सबसे गर्म रहा। यहां अधिकतम तापमान 39.2 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। हालांकि यह नॉर्मल टेम्प्रेचर से 2.6 डिग्री कम था। वहीं न्यूनतम तापमान 23.5 डिग्री रहा जो औसत से 4.1 डिग्री कम था।