छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में लगातार चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले शातिर चोर को पुलिस ने गिरफ्तार किया

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में लगातार चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले शातिर चोर को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी बाइक-स्कूटी चोरी करने के साथ ही सूने मकानों को भी निशाना बनाता था। चोरी का सामान बेचने के लिए ग्राहक तलाशते समय पुलिस ने उसे पकड़ लिया। पूछताछ में कई चोरी के मामलों का खुलासा हुआ।

मामला खरसिया थाना क्षेत्र का है। दरअसल, पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि युवक चोढ़ा चौक के पास चोरी का सामान बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देखकर संदिग्ध भागने लगा, लेकिन घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया गया।

पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम करन चौहान (21) निवासी गांधीनगर मदनपुर, थाना खरसिया बताया। उसने अपने पास मौजूद सामान के चोरी का होने की बात स्वीकार कर ली। इसके बाद उसे थाने लाकर पूछताछ की गई, जिसमें उसने खरसिया क्षेत्र में कई चोरी की वारदातों को अंजाम देना कबूल किया।

आरोपी ने बताया कि 12 जुलाई को उसने उत्तम ढाबा, खरसिया से एक एक्टिवा स्कूटी चोरी की थी, जिसे बाद में रेलवे साइडिंग के पास छोड़ दिया। इसके बाद 23 जुलाई को ग्राम बासमुड़ा से चाबी लगी टीवीएस जुपिटर स्कूटी चोरी की।

24 जुलाई की रात ग्राम बगबुढ़वा में एक सूने मकान का ताला तोड़कर सोने-चांदी के जेवर, CCTV का DVR बॉक्स और फैशन प्रो मोटरसाइकिल चोरी की। 29 जुलाई को मदनपुर बस्ती के अलग-अलग घरों से तीन खाली गैस सिलेंडर और 1 अगस्त को ग्राम पतरापाली के एक घर से चार्जिंग पर लगा मोबाइल भी चोरी किया।

खंडहर से बरामद हुआ चोरी का सामान

आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसने चोरी का अधिकांश सामान मदनपुर चौक के पास स्थित एक खंडहर में छिपाकर रखा है।

आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने वहां से फैशन प्रो मोटरसाइकिल, टीवीएस जुपिटर स्कूटी, एक अन्य स्कूटी, मोबाइल, तीन खाली गैस सिलेंडर और CCTV का DVR बॉक्स बरामद किया। जब्त संपत्ति की कुल कीमत करीब 2 लाख रुपए बताई गई है।

जेवर नहीं मिले, आरोपी जेल भेजा गया

आरोपी ने चोरी किए गए सोने-चांदी के जेवर भी उसी स्थान पर छिपाने की बात कही, लेकिन तलाशी के दौरान जेवर बरामद नहीं हो सके। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। मामले में अन्य चोरी की वारदातों को लेकर जांच जारी है।

SSP बोले- संपत्ति संबंधी अपराधों में लगातार सफलता

SSP शशि मोहन सिंह ने बताया कि संपत्ति संबंधी अपराधों के मामलों में पुलिस को लगातार सफलता मिल रही है। खरसिया थाना के अलावा जूटमिल, कोतरारोड़, चक्रधरनगर, भूपदेवपुर और धरमजयगढ़ थाना क्षेत्रों में भी चोरी के आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इस कार्रवाई से कई चोरी के मामलों का खुलासा हुआ है।