राजधानी रायपुर में कर्ज और ब्याज की रकम को लेकर महिला के जहर खाने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। महिला को प्रताड़ित करने के आरोप में दो लोगों को हिरासत में लिया गया है। दोनों ने पूछताछ की जा रही है।
मामला मौहदापारा थाना क्षेत्र का है। जहर खाकर आत्महत्या का प्रयास करने वाली महिला की पहचान रजिया बेगम के रूप में हुई है। वहीं, पुलिस ने आमीन उर्फ मीठा और असलम उर्फ पप्पा को हिरासत में लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के मुताबिक, 9 अगस्त को मौदहापारा में रहने वाली रजिया बेगम ने सुसाइड अटेम्प्ड किया था। परिजनों का कहना है कि परिवार की जरूरतों के लिए रजिया ने कुछ लोगों से ब्याज पर पैसे लिए थे। आरोप है कि मूल रकम और ब्याज चुकाने के बाद भी उससे लगातार पैसों की मांग की जा रही थी।
परिजनों का आरोप है कि कर्ज की रकम को लेकर आरोपी कथित तौर पर घर पहुंचकर गाली-गलौज करते और रजिया को परेशान करते थे। कथित प्रताड़ना से परेशान होकर रजिया ने 9 अगस्त को जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर परिजनों ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया।
पुलिस दो आरोपियों को लिया हिरासत में
मामले की शिकायत मिलने के बाद मौदहापारा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आमीन उर्फ मीठा और असलम उर्फ पप्पा को हिरासत में लिया है। दोनों से कर्ज और ब्याज की रकम से जुड़े विवाद के संबंध में पूछताछ की जा रही है।
जांच के आधार पर होगी आगे की कार्रवाई
परिजनों की शिकायत में शहजादा, गुड्डन दादी समेत कुछ अन्य लोगों के नाम भी सामने आए हैं। पुलिस इन सभी की भूमिका की जांच कर रही है। घटना के बाद मौदहापारा इलाके में आक्रोश का माहौल है।
पुलिस का कहना है कि महिला का इलाज जारी है और मामले में लगाए गए सभी आरोपों की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।