बिलासपुर नगर निगम की सामान्य सभा शुरू होते ही हंगामा हो गया

Chhattisgarh Crimesबिलासपुर नगर निगम की सामान्य सभा शुरू होते ही हंगामा हो गया। कांग्रेस की महिला पार्षदों ने नए एल्डरमैन पर गलत टिप्पणी करने का आरोप लगाया। महिला पार्षदों ने टिप्पणी पर माफी मांगने की मांग की और सदन में जमकर विरोध किया। उन्होंने माफी नहीं मांगने पर सदन के बहिष्कार की चेतावनी भी दी।

महिला पार्षदों के विरोध के बाद सदन में काफी देर तक हंगामा होता रहा। पार्षद अपनी मांग पर अड़े रहे। स्थिति को देखते हुए अध्यक्ष ने हंगामे के बीच प्रश्नकाल स्थगित कर दिया। वहीं, स्मार्ट सिटी के कामों को लेकर भी भाजपा और कांग्रेस पार्षदों के बीच बहस हुई। विकास कार्यों की गुणवत्ता, खर्च और काम की स्थिति को लेकर सवाल उठाए गए।

मेयर ने कांग्रेस सरकार पर लगाया गड़बड़ी का आरोप

बहस के दौरान मेयर पूजा विधानी ने स्मार्ट सिटी के कामों में हुई गड़बड़ियों के लिए पिछली कांग्रेस सरकार को जिम्मेदार बताया। उन्होंने कहा कि शहर में जिन कामों को लेकर सवाल उठ रहे हैं, उनमें गड़बड़ी कांग्रेस सरकार के समय हुई थी।

भाजपा पार्षद ने सड़क-नाली के काम में बंदरबांट

भाजपा पार्षद कार्तिक यादव ने अपने वार्ड में हुए सड़क और नाली निर्माण का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि इन कामों में कांग्रेस से जुड़े लोगों ने बंदरबांट की है। इस पर भी सदन में सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच बहस हुई।

पहले से तय था अधूरे विकास कार्यों पर सवाल

सामान्य सभा में रिवर फ्रंट, STP, सड़क, पार्किंग और कॉम्प्लेक्स समेत कई अधूरे विकास कार्यों पर चर्चा होनी है। विपक्ष इन प्रोजेक्ट की वर्तमान स्थिति, देरी की वजह, खर्च और नई डेडलाइन को लेकर निगम से जवाब मांग रहा है।

43 विकास कार्यों में सिर्फ 2 पूरे

वित्तीय वर्ष 2025-26 में निगम क्षेत्र में 16 करोड़ रुपए से अधिक के 43 विकास कार्य स्वीकृत किए गए हैं। इनमें अब तक सिर्फ 2 काम पूरे हुए हैं। बाकी काम टेंडर, वर्क ऑर्डर या निर्माण की प्रक्रिया में बताए जा रहे हैं।

68 करोड़ की नगरोत्थान योजना के काम भी धीमे

मुख्यमंत्री नगरोत्थान योजना के करीब 68 करोड़ रुपए के काम भी कई जगह धीमी गति से चल रहे हैं। कुछ प्रोजेक्ट शुरू हुए छह से सात महीने हो चुके हैं, लेकिन इनकी प्रगति करीब 15 से 50 प्रतिशत के बीच बताई जा रही है।