
आरोपियों ने पहले दोस्तों से गाली-गलौज की। विरोध करने पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया। इस दौरान उनकी कार का कांच भी फोड़ दिया। इसके बाद आरोपियों ने दो मोबाइल लूटे और CG-07 नंबर की कार से फरार हो गए।
8 अगस्त की रात हुई वारदात के बाद क्षिप्रा पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल कार की जानकारी जुटाई और लूटे गए मोबाइल की लोकेशन ट्रेस की। दोनों सुरागों के आधार पर पुलिस मंगलवार को भिलाई पहुंची।
जांच में कार शास्त्री नगर निवासी बिट्टू साहू के नाम पर रजिस्टर्ड मिली। इसके बाद क्षिप्रा पुलिस ने देर रात बिट्टू के घर के बाहर घेराबंदी की। पुलिस के मुताबिक, बिट्टू के पकड़े जाने के बाद वारदात में शामिल उसके अन्य साथियों के बारे में भी जानकारी मिल सकती है। आरोपियों की तलाश में क्षिप्रा पुलिस ने भिलाई की छावनी पुलिस से भी मदद ली है।
पार्टी के बाद घूमने निकले थे दोस्त
क्षिप्रा पुलिस ने गांधी नगर निवासी विनोद रघुवंशी की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है। विनोद ने पुलिस को बताया कि 8 अगस्त की रात करीब 12 बजे वह अपने दोस्त दीपक, संगम, लोकेश और शेखर के साथ पार्टी करने के बाद कार से घूमने निकला था।
पांचों दोस्त मांगलिया टोल टैक्स से सुलाखेड़ी ब्रिज होते हुए इंदौर-देवास बायपास पहुंचे। यहां उन्होंने सड़क किनारे कार खड़ी की और सभी दोस्त सेल्फी लेने लगे। इसी दौरान CG-07 नंबर की एक कार वहां आकर रुकी। कार से करीब पांच युवक नीचे उतरे और दोस्तों से गाली-गलौज करने लगे।
विरोध किया तो लोहे की रॉड से हमला
विनोद के मुताबिक, दोस्तों ने जब आरोपियों की हरकत का विरोध किया तो उन्होंने लोहे की रॉड निकाल ली। आरोपियों ने दीपक के पैर पर रॉड से हमला कर दिया। इसके साथ ही उनकी कार का कांच भी फोड़ दिया। मारपीट के बाद आरोपी विनोद और लोकेश के मोबाइल फोन छीनकर अपनी कार से मौके से फरार हो गए।
महाकाल दर्शन से लौट रहे थे आरोपी
शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी इसी कार से महाकाल दर्शन के लिए उज्जैन गए थे। दर्शन के बाद लौटते समय वे इंदौर-देवास बायपास से गुजर रहे थे। इसी दौरान उनकी नजर सड़क किनारे कार खड़ी कर सेल्फी ले रहे युवकों पर पड़ी। आरोपियों ने वहां रुककर युवकों से गाली-गलौज और मारपीट की। इसके बाद उनके मोबाइल फोन लूटकर कार से फरार हो गए।
कार के नंबर से भिलाई पहुंची पुलिस
केस दर्ज होने के बाद पुलिस ने सबसे पहले वारदात में इस्तेमाल हुई CG-07 नंबर की कार की जानकारी जुटाई। रजिस्ट्रेशन के आधार पर पुलिस कार के मालिक तक पहुंची। वहीं, लूटे गए मोबाइल की लोकेशन ट्रेस करने पर जांच की कड़ी भिलाई तक पहुंच गई।
पुलिस के अनुसार, कार शास्त्री नगर निवासी बिट्टू साहू के नाम पर रजिस्टर्ड है। इसके बाद क्षिप्रा पुलिस की टीम मंगलवार को भिलाई पहुंची और देर रात बिट्टू के घर के आसपास घेराबंदी कर उसकी लोकेशन खंगाली। फिलहाल पुलिस बिट्टू और उसके साथियों की तलाश में जुटी है।