सरगुजा जिले के ग्राम सितकालो में जंगल में मवेशी चराने गए ग्रामीण पर भालू ने हमला कर दिया

Chhattisgarh Crimesसरगुजा जिले के ग्राम सितकालो में जंगल में मवेशी चराने गए ग्रामीण पर भालू ने हमला कर दिया। हमले में ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे इलाज के लिए अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल लाया गया, जहां से डॉक्टरों ने उसे रायपुर रेफर कर दिया। रायपुर ले जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई। घटना उदयपुर वन परिक्षेत्र की है।

अब जानिए पूरा मामला

जानकारी के मुताबिक, ग्राम सितकालो के रहने वाले चैतू राम (55 वर्ष) बुधवार सुबह मवेशी और बकरियां चराने के लिए घर से करीब 500 मीटर दूर जंगल गया था। जंगल में वह खुखड़ी (एक प्रकार का जंगली मशरूम) खोजने के लिए अंदर गया। इसी दौरान जंगली भालू ने उस पर हमला कर दिया। भालू ने उसके सिर, कंधे और पीठ पर हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया।

भालू से बचने के लिए चैतू राम ने काफी संघर्ष किया। भालू के भाग जाने के बाद वह घायल हालत में किसी तरह गांव की ओर चलकर पहुंचा। रास्ते में मवेशी चरा रहे ग्रामीणों ने उसे लहूलुहान हालत में देखा और उसकी मदद के लिए पहुंचे।

ग्रामीणों ने इसकी जानकारी उसके परिजनों को दी। इसी दौरान चैतू राम बेहोश हो गया। उसे इलाज के लिए उदयपुर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां से उसे अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे रायपुर रेफर कर दिया। रायपुर ले जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई।

भालू के हमले से गांव में दहशत

चैतू राम की मौत की खबर के बाद ग्राम सितकालो में दहशत का माहौल है। घटना की जानकारी वन विभाग के अधिकारियों को दे दी गई है। वन विभाग ने ग्रामीणों को जंगल में नहीं जाने की सलाह दी है।

ग्रामीण खुखड़ी और पुटू जैसे जंगली खाद्य पदार्थ लेने के लिए अक्सर जंगल जाते हैं। इसी दौरान भालू के हमले का खतरा बना रहता है।

Exit mobile version