बालोद में वन विभाग की टीम ने अवैध शिकार करने से पहले एक शिकारी को गिरफ्तार किया

Chhattisgarh Crimesबालोद में वन विभाग की टीम ने अवैध शिकार करने से पहले एक शिकारी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने वन्य जीवों के शिकार के लिए जंगल में जाल बिछा रखा था। यह घटना डौंडी वन परिक्षेत्र के चिहरो कक्ष क्रमांक 126 आरएफ की है।

मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर उप वनमंडलाधिकारी दल्लीराजहरा, डौंडी और दल्लीराजहरा रेंजर सहित वन अमला क्षेत्र में गश्त कर रहा था। इसी दौरान ग्राम तेवड़ा (आमाबेड़ा) निवासी सुधु राम आंचला को अवैध शिकार के लिए जाल और फांदा लगाते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया।

आरोपी के कब्जे से बांस का एक गुलेल, मिट्टी की गोलियां, एक टंगिया, एक गैती और वन्य जीवों को पकड़ने के लिए तीन जाल बरामद किए गए हैं। वन विभाग ने आरोपी के खिलाफ वन अपराध प्रकरण क्रमांक 20478/15 दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

15 अगस्त को देर शाम होने के कारण आरोपी को डौंडी पुलिस की अभिरक्षा में रखा गया था। रविवार को वन विभाग ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया। जानकारी के अनुसार, आरोपी पिछले कुछ दिनों से अपने गांव तेवड़ा से आकर चिहरो क्षेत्र में रह रहा था।

इस कार्रवाई में डौंडी रेंजर जीवन भोंडेकर, दल्लीराजहरा रेंजर संतोष ठाकुर, एसडीओ एमसी डहरे और वन विभाग के अन्य कर्मचारी शामिल थे।

Exit mobile version