राजधानी रायपुर के नया रायपुर स्थित सेंध लेक के पास स्वतंत्रता दिवस के मौके पर युवाओं का खतरनाक स्टंट पुलिस की नजर में आ गया

Chhattisgarh Crimesराजधानी रायपुर के नया रायपुर स्थित सेंध लेक के पास स्वतंत्रता दिवस के मौके पर युवाओं का खतरनाक स्टंट पुलिस की नजर में आ गया। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ मंदिर हसौद पुलिस ने विशेष अभियान चलाया। इस दौरान तीन दर्जन से अधिक दोपहिया वाहन जब्त किए गए, जबकि 59 वाहनों का ई-चालान काटा गया।

दरअसल, पुलिस को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि छुट्टियों और विशेष मौकों पर बड़ी संख्या में युवक सेंध लेक के आसपास इकट्ठा होकर बाइक से स्टंट करते हैं। इसे देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर 15 अगस्त को विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया।

अभियान के दौरान पुलिस ने सेंध लेक और आसपास के इलाकों में चेकिंग प्वाइंट लगाकर वाहनों की जांच की। इस दौरान कई युवक बाइक पर तीन सवारी बैठाकर चलते मिले, जबकि कुछ युवक तेज रफ्तार में स्टंट करते पाए गए। पुलिस ने ऐसे वाहन चालकों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की।

नो-पार्किंग में खड़े 59 वाहनों के ई-चालान

पुलिस ने नो-पार्किंग क्षेत्र में खड़े 59 वाहनों पर कार्रवाई करते हुए ई-चालान जारी किए। पुलिस ने नाबालिगों के वाहन चलाने के मामलों में उनके परिजनों को थाने बुलाकर समझाइश दी। अधिकारियों ने कहा कि कम उम्र के बच्चों को वाहन देना कानून का उल्लंघन है। इससे बच्चों और अन्य लोगों की जान खतरे में पड़ सकती है।

सार्वजनिक स्थानों पर स्टंट नहीं करने की हिदायत दी

पुलिस ने वाहन चालकों को हेलमेट पहनने, निर्धारित संख्या से अधिक सवारी नहीं बैठाने और सार्वजनिक स्थानों पर स्टंट नहीं करने की हिदायत दी।

मंदिर हसौद निरीक्षक आशीष यादव ने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं को रोकने और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए इस तरह के अभियान आगे भी जारी रहेंगे।

Exit mobile version