सक्ती जिले के जैजैपुर थाना क्षेत्र में घरेलू विवाद के दौरान पति ने पत्नी पर टांगी से हमला कर दिया

Chhattisgarh Crimesसक्ती जिले के जैजैपुर थाना क्षेत्र में घरेलू विवाद के दौरान पति ने पत्नी पर टांगी से हमला कर दिया। आरोपी पति ने कथित तौर पर पत्नी से घर छोड़कर जाने को कहा था। महिला के इनकार करने पर गुस्से में आकर उसके सिर पर टांगी से वार कर दिया।

घटना के बाद आरोपी फरार हो गया था, जिसे पुलिस ने ग्राम भोथिया के बाहर घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

दूसरी शादी की बात को लेकर 5 साल से चल रहा था विवाद

पुलिस के मुताबिक, रामलाल सहीस ने जैजैपुर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसने बताया कि उसके पिता राजकुमार सहीस (58) और मां सुमन बाई सहीस (55) के बीच करीब पांच साल से घरेलू विवाद चल रहा था। राजकुमार दूसरी शादी करने की बात को लेकर अक्सर पत्नी से विवाद करता था। दोनों के बीच लंबे समय से अनबन थी।

घर छोड़ने को कहा, इनकार पर टांगी से हमला

घटना 16 अगस्त की शाम करीब 4:30 बजे की है। राजकुमार ने सुमन बाई से घर छोड़कर चले जाने को कहा। महिला ने जब जाने से इनकार किया तो आरोपी गुस्से में आ गया और धारदार टांगी से उसके सिर पर हमला कर दिया।

हमले में सुमन बाई गंभीर रूप से घायल हो गईं। वारदात के बाद आरोपी ने टांगी कमरे में छिपाई और घर से फरार हो गया।

भोथिया के बाहर घेराबंदी कर पकड़ा

घटना की सूचना मिलने के बाद जैजैपुर पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में पुलिस टीम को आरोपी के संबंध में सूचना मिली। इसके बाद टीम ने ग्राम भोथिया के बाहर घेराबंदी कर राजकुमार सहीस को पकड़ लिया।

पूछताछ में आरोपी ने पत्नी पर टांगी से हमला करने की बात स्वीकार की। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

इनकी रही भूमिका

कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार राठौर, प्रधान आरक्षक सुरेन्द्र खाण्डेकर, प्रधान आरक्षक परमानंद धृतलहरे तथा आरक्षक अरुण चन्द्रा, विजय कुर्रे और महेन्द्र कंवर की भूमिका रही।

Exit mobile version