सूरजपुर के प्रतापपुर क्षेत्र के सिंघरी गांव में बीती शाम दल से बिछड़े हाथी ने दो बाइक सवारों पर हमला कर दिया

Chhattisgarh Crimesसूरजपुर के प्रतापपुर क्षेत्र के सिंघरी गांव में बीती शाम दल से बिछड़े हाथी ने दो बाइक सवारों पर हमला कर दिया। हादसे में एक बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक का सिर धड़ से अलग हो गया। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया।

घटना से नाराज परिजनों और ग्रामीणों ने बनारस मार्ग पर पोड़ी चौक के पास शव रखकर चक्काजाम कर दिया। करीब 7-8 घंटे तक चले प्रदर्शन के कारण सड़क पर आवागमन बाधित रहा।

मुआवजा और नौकरी की मांग

ग्रामीणों ने वन विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए मृतक के परिवार को 20 लाख रुपये मुआवजा, परिवार के एक सदस्य को नौकरी और हाथियों से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम की मांग की।

चार थाना-चौकी से पुलिस बल पहुंचा

चक्काजाम की सूचना मिलते ही एसडीएम, तहसीलदार समेत प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। स्थिति को देखते हुए चार थाना-चौकी से पुलिस बल भी तैनात किया गया। अधिकारियों ने ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी मांगें सुनीं।

मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन के आश्वासन पर खत्म हुआ प्रदर्शन

ग्रामीण जिला अधिकारियों को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़े रहे। काफी देर तक चली बातचीत के बाद प्रशासन की समझाइश और मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपने के आश्वासन पर ग्रामीणों ने प्रदर्शन समाप्त कर दिया। इसके बाद बनारस मार्ग पर यातायात सामान्य हो गया।