राजनांदगांव में खाद की अवैध बिक्री रोकने कृषि और राजस्व विभाग की टीम ने कार्रवाई की। डोंगरगांव में टीम ने 60 बोरी यानी 3 टन आईपीएल पोटाश जब्त किया। बोरियों पर 60 प्रतिशत पोटाश होने का दावा था, लेकिन रायपुर लैब की जांच में सिर्फ 3 प्रतिशत पोटाश मिला। लैब ने सैंपल को अमानक बताया है।
कृषि विभाग को सूचना मिली थी कि छुरिया विकासखंड के बम्हनी चारभांठा निवासी राजेंद्र मिश्रा पोटाश बेच रहा है। टीम ने उसे रोककर खाद से जुड़े वैध दस्तावेज मांगे, लेकिन वह कोई कागज नहीं दिखा सका। इसके बाद खाद जब्त कर सैंपल जांच के लिए रायपुर लैब भेजा गया।
कबीरधाम में भी नहीं मिला लाइसेंस
पूछताछ में राजेंद्र ने बताया कि वह खाद कबीरधाम जिले से लेकर आया था। इसके बाद कृषि विभाग की टीम ने उसके बताए स्थान पर छापा मारा। वहां भी खाद के भंडारण या बिक्री का कोई लाइसेंस नहीं मिला। मामले की सूचना पुलिस को दे दी गई है। पुलिस और संबंधित विभाग की ओर से आगे की कार्रवाई की जा रही है।