छत्तीसगढ़ के मुंगेली स्थित अचानकमार टाइगर रिजर्व (ATR) में बाघिन के हमले में युवक की मौत हो गई। वह अपने दोस्तों से साथ जंगल में करील-पुटू (मशरूम) लेने गया था। इसी दौरान झाड़ियों में घात लगाकर बैठी बाघिन ने उस पर हमला कर दिया।
अचानकमार टाइगर रिजर्व के एसडीओ समीर जोनाथन ने घटना की पुष्टि की है। बताया जा रहा है कि बाघिन ने हाल ही में शावकों को जन्म दिया है। ऐसे में वह आक्रामक है। वन विभाग ने ग्रामीणों को जंगल में नहीं जाने की सलाह दी है। वहीं घटना के बाद से लोगों में दहशत है।
पढ़िए सिलसिलेवार पूरी घटनाक्रम…
जानकारी के मुताबिक, ग्राम बांधा निवासी धरमजीत घृतलहरे (25) सोमवार को भानु प्रताप, शिवशंकर ध्रुव, दशरथ धृतलहरे और रामफल धृतलहरे के साथ जंगल में मशरूम बीनने गया था। जंगल के घने हिस्से में पहुंचते ही बाघिन ने अचानक धरमजीत पर हमला कर दिया।
बताया गया कि बाघिन ने युवक की गर्दन को जबड़े में दबोच लिया। गंभीर चोट और ज्यादा खून बहने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। साथ मौजूद लोग बाघिन के आक्रामक रुख के कारण युवक को बचाने की कोशिश नहीं कर सके।
साथियों ने फौरन घटना की जानकारी वन विभाग और परिजनों की दी। सूचना मिलते ही वन विभाग, पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव का कब्जे में लिया। वहीं, पोस्टमॉर्टम के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया गया है।
ग्रामीणों को जंगल में नहीं जाने की सलाह
इस घटना के बाद आसपास के गांवों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। वन विभाग ने ग्रामीणों को जंगल के अंदर गहराई वाले इलाकों में नहीं जाने की सख्त हिदायत दी है। संवेदनशील क्षेत्रों में वन विभाग ने गश्त बढ़ा दी है।
ग्रामीणों से अपील की गई है कि वे टाइगर रिजर्व के ऐसे इलाकों में प्रवेश न करें, जहां वन्यजीवों की गतिविधियां अधिक हैं।
शावकों की वजह से आक्रामक थी बाघिन
अचानकमार टाइगर रिजर्व के एसडीओ समीर जोनाथन ने बताया कि इलाके में 2 से 3 बाघ सक्रिय हैं। इनमें एक बाघिन ने हाल ही में शावकों को जन्म दिया है। शावकों की मौजूदगी के कारण बाघिन अपने क्षेत्र में काफी आक्रामक थी। इसी दौरान जंगल में पहुंचे लोगों पर उसने हमला कर दिया।