दुर्ग जिला अस्पताल की अटल आरोग्य लैब में कुछ महिला टेक्नीशियंस ने ड्यूटी के दौरान रील बनाई

Chhattisgarh Crimesदुर्ग जिला अस्पताल की अटल आरोग्य लैब में कुछ महिला टेक्नीशियंस ने ड्यूटी के दौरान रील बनाई। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला सामने आया।

वीडियो में लैब के अंदर ब्लड सैंपल समेत जांच से जुड़ी गतिविधियों के बीच रील बनाई गई है। इसे लेकर सिविल सर्जन डॉ. आशीषन मिंज ने जांच के निर्देश दिए हैं।

अटल आरोग्य लैब के प्रभारी जेपी मेश्राम को नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है। विभाग यह पता कर रहा है कि वीडियो कब और किन परिस्थितियों में बनाया गया और इससे लैब के काम पर कोई असर पड़ा या नहीं।

मरीजों के सैंपल के बीच रील, अब जवाब-तलब

अटल आरोग्य लैब जिला अस्पताल की जांच व्यवस्था का अहम हिस्सा है। यहां इलाज के लिए आने वाले मरीजों के सैंपल लेकर जांच की जाती है। अस्पताल प्रबंधन के मुताबिक, लैब में करीब 134 तरह की जांच मुफ्त होती हैं। इसका संचालन HLL कंपनी के जरिए किया जा रहा है।

रील के वीडियो में लैब के अंदर सैंपल और जांच से जुड़ी गतिविधियां भी नजर आ रही हैं। अब स्वास्थ्य विभाग यह पता कर रहा है कि वीडियो लैब के किस हिस्से में बनाया गया था और इसमें मरीजों के सैंपल या उनकी जांच से जुड़ी कोई जानकारी दिखाई दे रही है या नहीं।

एचआईवी रिपोर्ट को लेकर भी हुआ था विवाद

कुछ दिन पहले इसी लैब की जांच रिपोर्ट को लेकर विवाद हुआ था। जिला अस्पताल में भर्ती 24 साल के युवक की एचआईवी जांच रिपोर्ट पहले पॉजिटिव आई थी। युवक ने रिपोर्ट पर सवाल उठाए तो उसकी दोबारा जांच कराई गई। दूसरी जांच में रिपोर्ट निगेटिव आई।

मामला सामने आने के बाद अस्पताल प्रबंधन ने लैब से पूरी जानकारी मांगी थी। साथ ही जांच में इस्तेमाल होने वाली मशीनों की जांच और सही तरीके से कैलिब्रेशन कराने के निर्देश दिए गए थे।