शेयर बाजार में पैसा लगाकर बड़ा मुनाफा कमाने का सपना दिखाकर दुर्ग के एक परिवार से 3 करोड़ 4 लाख 50 हजार रुपए लेने का मामला सामने आया है

Chhattisgarh Crimesशेयर बाजार में पैसा लगाकर बड़ा मुनाफा कमाने का सपना दिखाकर दुर्ग के एक परिवार से 3 करोड़ 4 लाख 50 हजार रुपए लेने का मामला सामने आया है। आरोपी ने परिवार के 10 सदस्यों से अलग-अलग बैंक खातों के जरिए यह रकम अपने खाते में ट्रांसफर कराई। कुछ समय बाद उसने 1 करोड़ 3 लाख 60 हजार रुपए वापस भी कर दिए, लेकिन 2 करोड़ 90 हजार रुपए अब भी वापस नहीं किए। शिकायत मिलने के कुछ ही घंटे में सिटी कोतवाली पुलिस ने आरोपी को पकड़ लिया।

मामला प्रेम सागर चौक, वार्ड नंबर 6, बैगापारा निवासी 56 वर्षीय कृष्ण कुमार चंद्राकर की शिकायत पर सामने आया। पुलिस के अनुसार अमलेश्वर निवासी प्रकाश सिन्हा ने खुद की शेयर ट्रेडिंग कंपनी होने की बात बताकर चंद्राकर और उनके परिवार के लोगों को निवेश के लिए तैयार किया था। आरोपी ने भरोसा दिलाया कि उसके जरिए शेयर ट्रेडिंग में पैसा लगाने पर सामान्य निवेश की तुलना में ज्यादा मुनाफा मिलेगा।

चार साल पहले शुरू हुआ था पैसों का लेन-देन पुलिस के मुताबिक परिवार के सदस्यों ने 24 नवंबर 2021 से 13 जनवरी 2022 के बीच अलग-अलग बैंक खातों से आरोपी के खाते में कुल 3 करोड़ 4 लाख 50 हजार रुपए भेजे। खास बात यह है कि यह पूरा लेन-देन करीब चार साल पुराना है, लेकिन बड़ी रकम वापस नहीं मिलने के बाद अब इसकी शिकायत पुलिस तक पहुंची।

10 लोगों से रकम जुटाई, कुछ पैसा लौटाकर बनाया भरोसा पुलिस के अनुसार आरोपी नो केवल एक व्यक्ति से रकम नहीं ली, बल्कि एक ही परिवार के 10 सदस्यों को निवेश के लिए तैयार किया। अलग-अलग खातों से रकम अपने खाते में मंगाई गई। इसके बाद कुछ रकम वापस भी की गई। पुलिस की जांच में यह पहलू अहम माना जा रहा है, क्योंकि पैसा वापस करने से निवेश करने वाले लोगों का भरोसा बना रहा और बाकी रकम को लेकर विवाद लंबे समय तक सामने नहीं आया। अब पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपी ने रकम का इस्तेमाल कहां किया और वास्तव में शेयर बाजार में निवेश किया था या नहीं।

शिकायत मिलते ही पुलिस ने शुरू की तलाश 29 अगस्त को कृष्ण कुमार चंद्राकर ने सिटी कोतवाली में लिखित शिकायत दी। मामले की रकम 2 करोड़ रुपए से ज्यादा होने के कारण पुलिस ने इसे गंभीरता से लिया। शिकायत के आधार पर अपराध दर्ज किया। इसके बाद पुलिस टीम ने आरोपी की तलाश शुरू की और उसे पुलिस की निगरानी में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में पुलिस के अनुसार आरोपी ने मामले में अपनी भूमिका स्वीकार की। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक मोबाइल फोन भी जब्त किया है।