देशभर में आज री NEET-UG 2026 परीक्षा आयोजित की जा रही है। छत्तीसगढ़ में इस परीक्षा में करीब 45 हजार कैंडिडेट्स शामिल हुए हैं। पूरे प्रदेश में 127 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जबकि रायपुर में 25 केंद्रों में परीक्षा हो रही है। NTA की गाइडलाइन के अनुसार कड़ी जांच के बाद स्टूडेंट्स को एंट्री दी गई।
रायपुर के चौबे कॉलोनी स्थित मायाराम सुरजन शासकीय विद्यालय के बाहर हंगामा हो गया। परीक्षा केंद्र में एक छात्र को पहले दो स्तर की सुरक्षा जांच के बाद प्रवेश दे दिया गया, लेकिन बायोमेट्रिक सत्यापन के दौरान उसे यह कहकर वापस भेज दिया गया कि उसके एडमिट कार्ड में परीक्षा केंद्र दूसरा दर्ज है।
बताया जा रहा है कि छात्र करीब 10 से 15 मिनट तक केंद्र के अंदर रहा, जिसके बाद उसे बाहर आने के लिए कहा गया। इस वजह से छात्र एग्जाम नहीं दे पाया।
इसके अलावा जगदलपुर के पीजी कॉलेज के बाहर नीट पेपर लीक मामले को लेकर NSUI कार्यकर्ता विरोध प्रदर्शन करने पहुंचे। पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की, जिसके बाद कार्यकर्ताओं और पुलिस जवानों के बीच जमकर धक्का-मुक्की हुई। मौके पर कुछ देर तक तनाव की स्थिति बनी रही।
सुरक्षा जांच और दस्तावेज सत्यापन की प्रक्रिया में लगभग आधा घंटा लग रहा था। स्टूडेंट्स को गाइड करने के लिए अनाउंसमेंट किया गया। ताकि अभ्यर्थी किसी भी तरह की जल्दबाजी या परेशानी से बचने के लिए समय रहते परीक्षा केंद्र में प्रवेश कर लें।
रायपुर के एक सेंटर में छात्रा की चप्पलें बदलवाई गई। जगदलपुर, दुर्ग और अन्य जिलों में भी सख्ती से जांच कर स्टूडेंट्स को अंदर प्रवेश दिया गया। स्टूडेंट्स ने कहा कि दोबारा परीक्षा होने से वे स्ट्रेस में हैं। वहीं कुछ सेंटर्स पर पेरेंट्स के लिए कोई सुविधा नहीं की गई। परिजन धूप में इंतजार करते नजर आए।