कृष्ण जन्माष्टमी के मौके पर शुष्क दिवस के दौरान अवैध शराब की बिक्री और परिवहन रोकने के लिए आबकारी विभाग ने जिले में कार्रवाई की। कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह के निर्देश पर चलाए गए इस अभियान में अलग-अलग जगहों से अवैध शराब बरामद की गई और 3 मामले दर्ज किए गए। कार्रवाई के दौरान एक कार भी जब्त की गई।
पहली कार्रवाई पाजी द पिंड ढाबा में की गई। यहां ईशु पाल भसीन के कब्जे से होंडा WR-V कार में रखी अलग-अलग ब्रांड की 8 बोतल विदेशी शराब मिली। शराब की कुल मात्रा 6 लीटर थी, जिसकी कीमत करीब 15,856 रुपए आंकी गई है। शराब ले जाने में इस्तेमाल कार की कीमत करीब 6.50 लाख रुपए बताई गई है।
आबकारी विभाग ने आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की गैर-जमानती धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज किया है।
खम्हारडीह में देशी शराब और बीयर मिली
दूसरी कार्रवाई थाना खम्हारडीह क्षेत्र में की गई। यहां राजू मलिक के कब्जे से 21 पाव देशी मदिरा मसाला और 2 बोतल बीयर बरामद की गई। जब्त मदिरा की कुल मात्रा 5.08 बल्क लीटर और कीमत 2,580 रुपए बताई गई है। आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत कार्रवाई की गई।
सोनबेरी में रोमियो मसाला जब्त
तीसरी कार्रवाई ग्राम सोनबेरी, थाना मंदिर हसौद क्षेत्र में की गई। यहां राहुल जांगड़े के कब्जे से 21 पाव रोमियो मसाला बरामद हुआ। इसकी कुल मात्रा 3.78 बल्क लीटर और कीमत 2,100 रुपए आंकी गई। आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)(ख) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया।
शुष्क दिवस पर लगातार निगरानी
आबकारी विभाग के अनुसार शुष्क दिवस के दौरान जिले में अवैध मदिरा के परिवहन, भंडारण और बिक्री पर निगरानी बढ़ाई गई है। विभाग की टीमों द्वारा अलग-अलग क्षेत्रों में जांच और कार्रवाई जारी है।