
इस प्रदर्शन में कबीर नगर, सोंडोंगरी, नहरपार, वाल्मीकि नगर समेत जोन क्षेत्र के अलग-अलग वार्डों के लोग शामिल हुए। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि लंबे समय से क्षेत्र के लोग सड़क, बिजली, पानी और सफाई जैसी मूलभूत सुविधाओं की समस्याओं से जूझ रहे हैं।
कांग्रेस ने आरोप लगाया कि जोन क्षेत्र में क्षतिग्रस्त सड़कों की समस्या बनी हुई है। इसके अलावा घरों के निर्माण पर रोक लगाने, टैक्स के नाम पर कथित तौर पर अधिक राशि वसूलने और आम लोगों से अवैध वसूली किए जाने जैसी शिकायतें भी सामने आ रही हैं।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि कई इलाकों में सफाई व्यवस्था भी ठीक नहीं है, जबकि सड़क, बिजली और पानी से जुड़ी समस्याओं को लेकर लोगों को लगातार परेशान होना पड़ रहा है।
जोन कार्यालय पहुंचकर जताया विरोध
कांग्रेस कार्यकर्ता और क्षेत्रवासी दोपहर 12 बजे महोबा बाजार स्थित जोन-8 कार्यालय पहुंचे और अपनी समस्याओं को लेकर विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने निगम प्रशासन से जनसमस्याओं का तत्काल निराकरण करने और कथित अवैध वसूली की जांच कराने की मांग की।
कांग्रेस ने चेतावनी दी कि यदि समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो आने वाले दिनों में आंदोलन को और तेज किया जाएगा।