धमतरी जिले में गांजा तस्करी के खिलाफ सिहावा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 20 किलो 400 ग्राम गांजा के साथ दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक दोनों आरोपी ओडिशा से गांजा लेकर दिल्ली जा रहे थे। उनके कब्जे से गांजा, रॉयल एनफील्ड मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन समेत करीब 11 लाख 80 हजार रुपए का सामान जब्त किया गया है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ नारकोटिक्स एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर 9 सितंबर 2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।
सिहावा पुलिस के अनुसार, फॉरेस्ट नाका के सामने पुलिस टीम ने घेराबंदी कर एक मोटरसाइकिल को रोका। बाइक पर दो युवक सवार थे। पूछताछ और तलाशी के दौरान उनके ट्रॉली बैग और सफारी बैग से 20 किलो 400 ग्राम गांजा बरामद हुआ।
बरामद गांजे की अनुमानित कीमत 10 लाख 20 हजार रुपए बताई गई है। इसके अलावा रॉयल एनफील्ड मोटरसाइकिल क्रमांक DL-3SFD 9699, जिसकी कीमत करीब 1.50 लाख रुपए है, और मोबाइल फोन जब्त किया गया। इस तरह कुल जब्ती 11.80 लाख रुपए की बताई गई है।
मुजफ्फरनगर और दिल्ली के रहने वाले हैं आरोपी
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों की पहचान एहतेशाम (27), निवासी मुजफ्फरनगर, उत्तर प्रदेश और तुषार कश्यप (23), निवासी करावल नगर, उत्तर-पूर्वी दिल्ली के रूप में हुई है।
दोनों पर सिहावा थाने में नारकोटिक्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गांजा कहां से लाया गया था और इसे दिल्ली में किसे पहुंचाया जाना था।
एक दिन पहले DRI ने पकड़ा था 700 किलो गांजा
इस कार्रवाई के बीच धमतरी में गांजा तस्करी को लेकर पुलिस की चेकिंग व्यवस्था पर सवाल भी उठ रहे हैं। एक दिन पहले डायरेक्टोरेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलिजेंस (DRI) ने पुराने धमतरी रोड पर दो ट्रकों से करीब 700 किलो गांजा पकड़ा था। इसकी कीमत करीब 35 करोड़ रुपए बताई गई थी।
लगातार सामने आ रही बड़ी गांजा बरामदगी के बाद स्थानीय स्तर पर वाहनों की जांच और नाकेबंदी को लेकर सवाल उठने लगे हैं। लोगों का सवाल है कि इतनी बड़ी मात्रा में गांजा लेकर वाहन जिले से होकर गुजरते रहे तो स्थानीय चेकिंग पॉइंट पर उनकी जांच क्यों नहीं हो सकी।
पुलिस की चेकिंग को लेकर उठ रहे सवाल
एक ओर सिहावा पुलिस ने 20 किलो गांजा के साथ दो तस्करों को पकड़ा है, वहीं दूसरी ओर कुछ ही घंटे पहले DRI की बड़ी कार्रवाई ने जिले में गांजा तस्करी के नेटवर्क और निगरानी व्यवस्था को लेकर चर्चा तेज कर दी है।
हालांकि, स्थानीय पुलिस की मिलीभगत या जानबूझकर वाहनों को गुजरने देने की कोई पुष्टि नहीं हुई है। फिलहाल यह सवाल उठ रहा है कि जिले के प्रमुख रास्तों और चेकिंग पॉइंट पर नशे की खेप लेकर गुजरने वाले बड़े वाहनों की निगरानी कितनी प्रभावी है।
एडिशनल एसपी के मुताबिक सिहावा पुलिस ने 20 किलो 400 ग्राम गांजा, मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन समेत कुल 11 लाख 80 हजार रुपए का सामान जब्त किया है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।