
जानकारी के मुताबिक, युवक का नाम शिव सहिस है, जो कि मेहंदीपारा का रहने वाला है। बताया जा रहा है कि चांपा थाने के एक ट्रेनी सब इंस्पेक्टर और दो आरक्षकों ने शिव को बुधवार दोपहर उसके घर से पकड़ा था। उस पर 20 लीटर देशी शराब रखने का आरोप था।एसपी विजय कुमार पाण्डेय ने इस मामले में आरक्षक ईश्वरी राठौर को लापरवाही और अनुशासनहीनता बरतने पर सस्पेंड कर दिया है।
जिला अस्पताल में युवक की मौत
दरअसल, चांपा थाना पुलिस ने बुधवार को शिव सहिस को हिरासत में लिया था। बताया जा रहा है कि रात करीब 10 बजे थाने में उसकी तबीयत बिगड़ गई। ऐसे में उसे पहले बीडीएम अस्पताल भेजा गया। वहां इलाज के बाद गुरुवार सुबह 6 बजे जांजगीर जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई।
पुलिस बोली- मिर्गी का दौरा पड़ा
घटना की जानकारी मिलते ही आक्रोशित परिजन और बड़ी संख्या में लोग चांपा थाने का घेराव कर दिया है। परिजनों ने पुलिस पर शिव के साथ मारपीट करने का आरोप लगाया है। हालांकि पुलिस का कहना है कि युवक को मिर्गी का दौरा पड़ा था।
पोस्टमॉर्टम के बाद मौत की वजह होगी स्पष्ट
फिलहाल घटना के कारणों और युवक की मौत की परिस्थितियों को लेकर आधिकारिक पुष्टि और जानकारी का इंतजार है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए जांजगीर जिला अस्पताल की मर्चुरी में रखा है। वहीं, स्थिति को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलैण्डन यार्क ने बताया कि शिव सहिस के खिलाफ पूर्व में भी अपराध दर्ज रहे हैं। शराब बिक्री और मारपीट से जुड़े मामलों सहित यह उसका चौथा मामला बताया गया है। बुधवार को उसके खिलाफ विधिक कार्रवाई की गई थी और रिमांड की प्रक्रिया के तहत उसे हिरासत में लिया गया था।