
सुरक्षा बलों ने बरामद हथियार और अन्य सामग्री को जब्त कर लिया है। डंप से जुड़े लोगों की तलाश भी की जा रही है।
सुरक्षा बलों की टीम जंगल में सघन चेकिंग और डिमाइनिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान जवानों को जमीन के अंदर छिपाकर रखी गई संदिग्ध सामग्री का पता चला। जांच करने पर यहां नक्सली डंप होने की पुष्टि हुई।
ये हथियार और सामग्री मिली
बरामद सामग्री में एक SLR/LMG रायफल, एक INSAS रायफल, एक .315 बोर बंदूक और दो BGL लॉन्चर शामिल हैं।
इसके अलावा 17 BGL सेल, एक चाइना हैंड ग्रेनेड, 49 SLR राउंड, 15 .315 बोर राउंड, 15 BGL कारतूस, चार SLR मैगजीन और एक .315 बोर मैगजीन भी बरामद हुई है। सुरक्षा बलों ने अन्य उपकरण भी जब्त किए हैं। बरामद सामग्री को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
सितंबर में कई जगह मिले नक्सली डंप
बीजापुर जिले में सितंबर के दौरान सुरक्षा बलों को अलग-अलग अभियानों में नक्सलियों के कई डंप बरामद हुए हैं।
- 20 सितंबर- भैरमगढ़ थाना क्षेत्र के आदवाड़ा जंगल से AK-47, .315 बोर हथियार, सिंगल शॉट रायफल, पिस्टल, जिंदा कारतूस और मैगजीन बरामद किए गए थे।
- 16 सितंबर- फरसेगढ़ थाना क्षेत्र के बड़ेआलवाड़ा जंगल से .315 बोर रायफल,49 जिंदा राउंड,.303 के 25 राउंड, 12 बोर के 49 राउंड, 8 किलो जिलेटिन,वॉकी-टॉकी और अन्य सामग्री मिली
- 10 सितंबर- मिरतुर थाना क्षेत्र के इंडरीपाल जंगल से नॉन-इलेक्ट्रिकल वायर के 7 बंडल, डेटोनेटर और ग्रेनेड बरामद हुए थे।
- 1 सितंबर- भोपालपटनम थाना क्षेत्र के नीलमड़गु जंगल से 12 बोर देशी कट्टा, BGL लॉन्चर, 8 BGL सेल, 12 बोर के 10 जिंदा राउंड और अन्य सामग्री बरामद की गई थी।
बेदरे के लंका पहाड़ी जंगल से मिले इस डंप की बरामदगी के बाद सुरक्षा बल इलाके में नक्सली गतिविधियों से जुड़े अन्य संभावित ठिकानों की भी तलाश कर रहे हैं।