बलौदा बाजार जिले के गिरौधपुरी पुलिस चौकी इलाके में जोंक नदी के एनीकेट में एक युवक डूब गया

Chhattisgarh Crimesबलौदा बाजार जिले के गिरौधपुरी पुलिस चौकी इलाके में जोंक नदी के एनीकेट में एक युवक डूब गया। यह घटना गुरुवार 24 तारीख की सुबह 11 बजे हुई, जब सूरज चौहान (ग्राम बेलटुकरी, बिलाईगढ़) अपने साथियों के साथ देवगांव (ओडिशा) जा रहा था।

वह सांस्कृतिक कार्यक्रम के लिए जा रहा था और एनीकेट में नहाने उतरा था। पानी के तेज बहाव में वह बह गया। साथियों ने गिरौधपुरी पुलिस चौकी को सूचना दी।

चौकी प्रभारी जगदीश सोनवानी के निर्देश पर दोपहर 2 बजे नगर सेना का बचाव दल मौके पर पहुंचा। टीम ने करीब 4 घंटे तक रेस्क्यू किया, लेकिन रात होने पर लौटना पड़ा। शुक्रवार सुबह फिर से तलाशी अभियान शुरू हुआ, जो करीब 12 घंटे चला। हालांकि, 32 घंटे बाद भी युवक का शव नहीं मिल पाया है।

चौकी प्रभारी सोनवानी ने बताया कि बारिश के कारण नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है, जिससे बचाव कार्य में परेशानी आ रही है। उन्हें आशंका है कि शव तेज बहाव में दूर बह गया होगा। शनिवार सुबह फिर से रेस्क्यू अभियान चलाया जाएगा।

सूरज चौहान छत्तीसगढ़ी सांस्कृतिक कार्यक्रमों में हिस्सा लेता था। पुलिस मामले की जांच कर रही है।