भिलाई स्टील प्लांट में घुसकर स्क्रैप कॉपर केबल चोरी करने का मामला सामने आया

भिलाई स्टील प्लांट में घुसकर स्क्रैप कॉपर केबल चोरी करने का मामला सामने आया है। आरोपी चोरी की केबल गठरी में बांधकर बाइक से प्लांट परिसर से बाहर निकलने की कोशिश कर रहे थे। इसी दौरान बीएसपी की सुरक्षा में तैनात केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) ने उन्हें पकड़ लिया।

मामले की सूचना मिलने के बाद भिलाई भट्ठी पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके साथ एक नाबालिग भी पकड़ा गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 100 किलो कॉपर केबल और चोरी में इस्तेमाल बाइक जब्त की है।

पुलिस के अनुसार, 29 सितंबर को केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) की ओर से भिलाई भट्ठी थाने में चोरी के दो अलग-अलग मामले दर्ज कराए गए। पहले मामले में आरोपी 60 किलो स्क्रैब कॉपर केबल लेकर प्लांट से बाहर निकलने की कोशिश कर रहे थे। वहीं, दूसरे मामले में 40 किलो केबल चोरी कर ले जाने का प्रयास किया गया। दोनों मामलों में सुरक्षा बल ने आरोपियों को पकड़कर पुलिस के हवाले किया।

पूछताछ में बरामद हुई 100 किलो केबल

पुलिस ने दोनों मामलों में केस दर्ज कर जांच शुरू की। पूछताछ के बाद आरोपियों के कब्जे से कुल 100 किलो स्क्रैब कॉपर केबल बरामद हुई। पुलिस के अनुसार, जब्त केबल की कीमत करीब 96 हजार 100 रुपए है। इसके अलावा चोरी में इस्तेमाल एचएफ डीलक्स बाइक (CG 07 BP 5037) भी जब्त की गई है। इसकी कीमत करीब 10 हजार रुपए बताई गई है।

प्लांट के अंदर केबल जुटाकर बना रहे थे गठरी

पुलिस जांच में आरोपियों के चोरी करने का तरीका भी सामने आया है। आरोपी बीएसपी परिसर में पहुंचने के बाद अलग-अलग जगहों से स्क्रैब कॉपर केबल इकट्ठा कर रहे थे। इसके बाद केबल को एक जगह लाकर उसकी गठरी तैयार करते थे। बाइक से इसे प्लांट से बाहर ले जाने की कोशिश की जा रही थी। बाहर निकलने से पहले ही सुरक्षा बल की नजर आरोपियों पर पड़ गई और उन्हें पकड़ लिया गया।

चार आरोपी गिरफ्तार, एक नाबालिग भी पकड़ा गया

पुलिस ने मामले में दुर्गेश जोशी (18), अजय सोनवाने (18), जोसेफ बाघ (32) और हितेष कुमार देशमुख (24) को गिरफ्तार किया है। दुर्गेश और अजय स्टेशन मरोदा क्षेत्र के रहने वाले हैं। जोसेफ बाघ उतई के जोरातराई और हितेष कुमार देशमुख बालोद जिले के खप्पड़वाड़ा का रहने वाला है। इनके साथ एक अपचारी बालक को भी पकड़ा गया है।