छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिला के पूंजीपथरा इलाके में स्थित रायगढ़ इस्पात प्लांट में हादसा हो गया

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिला के पूंजीपथरा इलाके में स्थित रायगढ़ इस्पात प्लांट में हादसा हो गया। फर्नेस में रिसाव होने से अचानक ब्लास्ट हो गया। इसकी चपेट में आकर 4 मजदूर झुलस गए। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यह घटना पूंजीपथरा थाना क्षेत्र की है।

जानकारी के अनुसार, पूंजीपथरा स्थित रायगढ़ इस्पात में रोज की तरह काम चल रहा था। इसी दौरान दोपहर में अचानक फर्नेस में ब्लास्ट हो गया। ब्लास्ट की चपेट में आने से वहां काम कर रहे अमरेश कुमार (35), रामनाथ, उजेन्द्र और फिरोज गंभीर रूप से झुलस गए।

घटना के बाद फैक्ट्री में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही उद्योग प्रबंधन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और पुलिस को घटना की जानकारी दी।

सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची। इसके बाद सभी घायलों को इलाज के लिए रायगढ़ भेजा गया। बताया जा रहा है कि उन्हें अपेक्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी

औद्योगिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा विभाग के सहायक संचालक राहुल पटेल ने बताया कि रायगढ़ इस्पात में हुए हादसे में चार श्रमिक घायल हुए हैं। सभी श्रमिक करीब 10 प्रतिशत तक झुलसे हैं। इनमें से एक श्रमिक का हाथ भी टूट गया है। सभी घायलों का इलाज जारी है।

उन्होंने बताया कि विभाग की टीम जांच के लिए रवाना हो गई है। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। विभाग समय-समय पर उद्योगों का निरीक्षण भी करता है।

हादसे में 4 श्रमिक घायल

वहीं, पूंजीपथरा थाना प्रभारी रामकिंकर यादव ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। इस हादसे में 4 श्रमिक घायल हुए हैं, जिनकी उम्र लगभग 30 से 35 वर्ष के बीच है। सभी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामले की जांच जारी है।

Exit mobile version