कोरबा जिले की सबसे बड़ी कुसमुंडा खदान में शनिवार दोपहर दो भारी ट्रेलर वाहनों की आमने-सामने जबरदस्त टक्कर हो गई

Chhattisgarh Crimesकोरबा जिले की सबसे बड़ी कुसमुंडा खदान में शनिवार दोपहर दो भारी ट्रेलर वाहनों की आमने-सामने जबरदस्त टक्कर हो गई। हादसे में एक चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा ड्राइवर गंभीर रूप से घायल हो गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि एक ट्रेलर का ड्राइवर केबिन में फंस गया। कर्मचारियों ने काफी मशक्कत के बाद उसे बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

मृतक की पहचान विश्व प्रसाद बिट्टू, निवासी रेलिया गांव, के रूप में हुई है। वह पिछले कई महीनों से कंपनी में ड्राइवर के रूप में काम कर रहा था। घायल चालक को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।जानकारी के अनुसार, कुसमुंडा माइंस में कोयला परिवहन का काम नीलकंठ कंपनी को मिला है। नीलकंठ ने यह काम PKS कंपनी को पेटी ठेके पर दे रखा है। शनिवार दोपहर दोनों कंपनियों के ट्रेलर खदान के भीतर कोयला परिवहन कर रहे थे। इसी दौरान दोनों वाहनों की आपस में भिड़ंत हो गई।

केबिन में फंसे चालक को कर्मचारियों ने बाहर निकाला

टक्कर के बाद एक ट्रेलर का ड्राइवर केबिन के अंदर बुरी तरह फंस गया। मौके पर मौजूद कर्मचारियों ने रेस्क्यू शुरू किया और काफी प्रयास के बाद उसे बाहर निकाला। हालांकि, उसकी मौके पर ही मौत हो चुकी थी। दूसरे ट्रेलर का ड्राइवर भी हादसे में घायल हुआ, जिसे तत्काल अस्पताल भेजा गया।

मुआवजा और नौकरी की मांग, पुलिस ने संभाला मोर्चा

हादसे की जानकारी फैलते ही खदान में बड़ी संख्या में कर्मचारी और ग्रामीण जुट गए। लोगों ने कंपनी प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए विरोध शुरू कर दिया।

सूचना मिलने पर कुसमुंडा थाना प्रभारी मृत्युंजय पांडे मौके पर पहुंचे और आक्रोशित लोगों को समझाइश दी। मृतक के परिजनों ने उचित मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने की मांग रखी। प्रबंधन की ओर से मांगों पर सहमति दिए जाने के बाद विरोध समाप्त हुआ।

खदान में लगातार हादसों से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल

कुसमुंडा खदान में लगातार हादसे होने की बात सामने आती रही है। अब तक कई लोगों की जान जा चुकी है। कर्मचारियों और स्थानीय लोगों का आरोप है कि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई बार सवाल उठाए जाने के बावजूद पर्याप्त सुधार नहीं हुआ।

Exit mobile version