रायगढ़ में जिला अधिवक्ता संघ के चुनाव को लेकर सुगबुगाहट शुरू हो गई है। चुनाव के लिए निर्वाचन मंडल का गठन कर लिया गया है। जिलेभर के अधिवक्ता 4 नवंबर को मतदान करेंगे। अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव, सहसचिव, कोषाध्यक्ष, ग्रंथालय सचिव, सांस्कृतिक और क्रीड़ा सचिव समेत कार्यकारिणी सदस्य के कुल 17 पदों के लिए चुनाव होगा।
सहायक निर्वाचन अधिकारी शिशिर वर्मा ने बताया कि चुनाव के लिए निर्वाचन मंडल का गठन कर लिया गया है। इसके बाद चुनाव की पूरी रूपरेखा तैयार की गई है। 7 अक्टूबर यानी बुधवार को शाम 5 बजे प्राथमिक मतदाता सूची का प्रकाशन निर्वाचन कार्यालय और संघ के पटल पर किया गया।
मतदाता-सदस्य 12 अक्टूबर तक प्राथमिक मतदाता सूची को लेकर अपनी आपत्ति निर्वाचन मंडल के समक्ष लिखित में दर्ज करा सकते हैं। आपत्तियों का निराकरण निर्वाचन मंडल करेगा। इसके बाद अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा। निर्वाचन मंडल का निर्णय सभी सदस्यों के लिए मान्य होगा।
13 अक्टूबर को शाम 5 बजे अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन निर्वाचन कार्यालय और संघ के पटल पर किया जाएगा। 14 से 23 अक्टूबर तक सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक अभ्यर्थी नामांकन पत्र प्राप्त कर जमा कर सकेंगे। अवकाश के दिन नामांकन पत्र न तो बेचे जाएंगे और न ही जमा होंगे।
24 अक्टूबर को नामांकन पत्रों की जांच
24 अक्टूबर को सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक अभ्यर्थियों के नामांकन पत्रों की जांच (स्क्रूटनी) की जाएगी। जांच के बाद शाम 5 बजे अभ्यर्थियों की सूची सूचना पटल पर चस्पा की जाएगी।
26 अक्टूबर को सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक अभ्यर्थी अपना नामांकन वापस ले सकेंगे। 27 अक्टूबर को शाम 5 बजे अंतिम अभ्यर्थी सूची का प्रकाशन सूचना पटल पर किया जाएगा।
4 नवंबर को मतदान, 5 को मतगणना
4 नवंबर को सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे तक लाइब्रेरी कक्ष में मतदान होगा। 5 नवंबर को सुबह 11 बजे से मतगणना शुरू होगी। मतगणना पूरी होने के बाद परिणाम घोषित किए जाएंगे।
12 नवंबर को दोपहर 2 बजे निर्वाचित पदाधिकारियों और कार्यकारिणी सदस्यों को निर्वाचन मंडल की ओर से समारोह में शपथ दिलाई जाएगी।
इन पदों के लिए होगा चुनाव
- अध्यक्ष : 1 पद
- उपाध्यक्ष : 2 पद, 1 महिला (कनिष्ठ) और 1 पुरुष
- सचिव : 1 पद
- सहसचिव : 1 पद
- कोषाध्यक्ष : 1 पद, महिला वर्ग के लिए आरक्षित
- ग्रंथालय सचिव : 1 पद
- सांस्कृतिक एवं क्रीड़ा सचिव : 1 पद
- कार्यकारिणी सदस्य : 9 पद, इनमें 3 पद महिला वर्ग के लिए आरक्षित