छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में सोशल मीडिया पर गरबा और धार्मिक संस्कृति से जुड़ी कुछ वीडियो को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। नवरात्रि से ठीक पहले गरबा पासेस के प्रचार-प्रसार के लिए ‘बेगम बगैर बादशाह किस काम का’ गाने पर वीडियो बनाए गए, जिसमें गरबा ड्रेस पहने लड़कियों के सिगरेट पीने और गन कल्चर को दिखाया गया है।
इस कंटेंट को लेकर स्थानीय नागरिकों और हिंदू संगठनों ने नाराजगी जताई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने SP ऑफिस पहुंचकर लिखित शिकायत दी है और आपत्तिजनक वीडियो सौंपीं। इसके साथ ही वीडियो में शामिल लोगों की गिरफ्तारी की मांग की है।
जानिए क्या है पूरा मामला ?
दरअसल, खुद को मेकअप आर्टिस्ट बताने वाली शिफा मैथ्यू नाम की लड़की ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर गरबा और धार्मिक संस्कृति से जुड़े कुछ वीडियो अपलोड किए हैं। आरोप है कि इन वीडियो में गरबा ड्रेस में युवतियों को सिगरेट पीते हुए और पिस्टल दिखाते और लड़कों के साथ बाइक पर बैठकर गरबा पास का प्रचार करते हुए दिखाया गया है।
शिकायतकर्ताओं का कहना है कि, पवित्र पर्व नवरात्रि और गरबा की आड़ में इस तरह का कंटेंट परोसकर सनातन संस्कृति का अपमान किया गया है। इससे आम लोगों की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। हालांकि, गरबा आयोजन कौन करा रहा है, इसकी जानकारी सामने नहीं आई है।
संरक्षित ‘गज किला’ में शूटिंग
बजरंग दल के प्रांत पदाधिकारी अंकुश ठाकुर ने बताया कि नवरात्रि पर शहर में गरबा शुरू होने वाला है। उनका आरोप है कि शिफा मैथ्यू नाम की युवती ने गरबा ड्रेस में पास बेचने के लिए कंटेंट बनाया है, जिसमें पिस्टल दिखाई गई और महिलाओं को सिगरेट पिलाते हुए दिखाया गया।
ठाकुर का आरोप है कि यह वीडियो रतनपुर के संरक्षित और प्रतिबंधित क्षेत्र गज किला में बनाया गया है। उन्होंने कहा कि इस तरह के कंटेंट से धार्मिक भावनाएं आहत हो रही हैं।