झारखंड में हुए सड़क हादसे में छत्तीसगढ़ के 3 लोगों की मौत हो गई। मंगलवार दोपहर पश्चिमी सिंहभूम जिले में ट्रक और कार की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में कार सवार एक ही परिवार के 3 लोगों की मौत हो गई, जबकि 2 सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
सभी राजनांदगांव जिले के रहने वाले हैं। घायलों को जमशेदपुर के टाटा मेन हॉस्पिटल (TMH) में भर्ती कराया गया है। घटना पश्चिमी सिंहभूम जिले के हाटगम्हरिया थाना क्षेत्र की है।
मृतकों की पहचान अमृत कौर (45), अमनदीप कौर (15) और गुर सिमरन कौर (11) के रूप में हुई है। परिवार के हरमन कौर (6) और प्रदीप सिंह (57) गंभीर रूप से घायल हैं। हादसे में कार सवार 9 महीने का एक बच्चा सुरक्षित बच गया।
जमशेदपुर जा रहा था परिवार
जानकारी के अनुसार, 13 अक्टूबर की सुबह परिवार कार से छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव से जमशेदपुर जा रहा था। इसी दौरान कुदापी डाउन के पास रॉन्ग साइड से आ रही ट्रक से कार की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह डैमेज हो गया और अमृत कौर, अमनदीप कौर और गुर सिमरन कौर की मौत हो गई।
हादसे के बाद भागा ट्रक ड्राइवर
हादसे के बाद ट्रक ड्राइवर गाड़ी छोड़कर मौके से भाग निकला। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही हाटगम्हरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों की मदद से कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला।
घायलों का इलाज जारी
पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से घायलों को पास के अस्पताल पहुंचाया। उनकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने प्राथमिक इलाज के बाद उन्हें जमशेदपुर के टाटा मेन हॉस्पिटल (TMH) रेफर कर दिया। दोनों का इलाज जारी है।
फरार ट्रक ड्राइवर के खिलाफ केस दर्ज
हाटगम्हरिया थाना पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने केस दर्ज कर फरार ट्रक ड्राइवर की तलाश शुरू कर दी है। हादसे में शामिल ट्रक और कार को भी जब्त कर लिया गया है।