रायगढ़ के केलो डैम घूमने गए युवक-युवती से लूटपाट का मामला सामने आया है। बाइक से घूमने पहुंचे दोनों को 3-4 अज्ञात युवकों ने घेर लिया। आरोपियों ने युवक से मारपीट कर 1500 रुपए कैश और उसका आईफोन लूट लिया। साथ ही युवती का मोबाइल छीनकर बाइक की चाबी फेंककर फरार हो गए। पीड़ित ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई है।
पुलिस के मुताबिक, जोगीडीपा निवासी सानू सारथी (22) अपनी दोस्त ईशिका कुमरे के साथ बुलेट से केलो डैम घूमने गया था। शाम को दोनों लौटने की तैयारी कर रहे थे, तभी 3-4 अज्ञात युवक वहां पहुंचे।
उन्होंने युवती को लेकर वहां आने पर सवाल उठाए और पुलिस को फोन करने की धमकी देने लगे। इसके बाद आरोपियों ने सानू के साथ हाथ-मुक्कों से मारपीट की और उसकी जेब में रखे 1500 रुपए, आईफोन 12 मिनी और ईशिका का मोबाइल लूटकर भाग गए।
भाई को फोन कर दी जानकारी, केस दर्ज
घटना के बाद सानू ने किसी तरह अपने भाई प्रियांशु को फोन पर जानकारी दी। इसके बाद कोतवाली थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2), 3(5) और 309(4) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शहर में पहले भी हो चुकी हैं लूट की घटनाएं
इससे पहले कोतरा रोड क्षेत्र की जयहिंद गली में रहने वाले संजय दास से रेलवे बंगलापारा के पास लूट हुई थी। आरोप है कि सागर यादव, शैलेष साहू और भोला ने मारपीट कर उससे 5 हजार रुपए और सोने की चेन छीन ली थी। वहीं, जूटमिल थाना क्षेत्र में चाकू से हमला कर लूटपाट की घटना भी सामने आई थी। उस मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया था।