जशपुर जिले के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के दौड़का चौरा में कार और ट्रक के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में कार सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए। दोनों घायलों को जिला अस्पताल जशपुर में भर्ती कराया गया है। इनमें से एक की पहचान राजू गुप्ता के रूप में बताई जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार, ट्रक गम्हरिया की ओर से गुमला जा रहा था, जबकि कार गुमला की ओर से गम्हरिया आ रही थी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दोनों वाहनों की रफ्तार तेज थी। इसी दौरान दौड़का चौरा के पास दोनों वाहनों की आमने-सामने टक्कर हो गई।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। कार सवार दोनों लोगों को गंभीर चोटें आईं।
हाईवे पेट्रोलिंग और डायल 112 की टीम पहुंची
हादसे की सूचना मिलते ही हाईवे पेट्रोलिंग और डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची। दोनों घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल जशपुर भेजा गया, जहां उन्हें भर्ती कराया गया है।