बिलासपुर जिले में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने की चुनौती के बीच सकरी थाना क्षेत्र के कोड़ापुरी स्थित कंपोजिट मदिरा दुकान में सेंधमारी का मामला सामने आया

Chhattisgarh Crimesबिलासपुर जिले में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने की चुनौती के बीच सकरी थाना क्षेत्र के कोड़ापुरी स्थित कंपोजिट मदिरा दुकान में सेंधमारी का मामला सामने आया है। अज्ञात चोरों ने दुकान की पिछली दीवार में सेंध लगाकर शराब की विभिन्न ब्रांड की बोतलों के साथ गल्ले में रखी नकदी पर भी हाथ साफ कर दिया।

चोरी गए सामान और नकदी को मिलाकर 14,400 रुपए की चोरी बताई गई है। घटना की जानकारी मिलने के बाद दुकान के सुपरवाइजर ने सकरी थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता सुजीत चतुर्वेदी (37 वर्ष), पिता ईश्वर लाल चतुर्वेदी, निवासी दौना, थाना सरगांव, कोड़ापुरी स्थित कंपोजिट मदिरा दुकान में सुपरवाइजर के पद पर कार्यरत हैं। उनके मुताबिक, 18 और 19 अक्टूबर 2026 की दरमियानी रात अज्ञात चोरों ने दुकान की पिछली दीवार में सेंधमारी कर वारदात को अंजाम दिया। 19 अक्टूबर की सुबह करीब 10 बजे जब वह ड्यूटी पर पहुंचे, तब दुकान में चोरी होने का पता चला।

महंगी शराब की बोतलें और गल्ले की रकम गायब

चोर दुकान से एक पेटी प्लेन मदिरा के 48 पाव, जिसकी कीमत 3,840 रुपए, 3200 रुपए मूल्य की 4 बोतल 8 पीएम ब्लैक, 1400 रुपए की ब्लेंडर्स प्राइड रिजर्व, 640 रुपए की एक बोतल मेड ऑफ प्रीमियम, 960 रुपए की व्हाइट एंड ब्लू चोरी कर ले गए। इसके अलावा दुकान के गल्ले में रखे 4,360 रुपए भी चोरी कर लिए गए।

अज्ञात चोरों की तलाश में जुटी पुलिस

घटना के संबंध में सुजीत चतुर्वेदी ने सकरी थाने में लिखित आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 305(a) और 331(4) के तहत अपराध दर्ज किया है।