राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज शुक्रवार को बस्तर प्रवास पर रहेंगी

Chhattisgarh Crimesराष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज शुक्रवार को बस्तर प्रवास पर रहेंगी। वे सबसे पहले मां दंतेश्वरी मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना करेंगी। इसके बाद सिरहासार भवन में आयोजित मुरिया दरबार में शामिल होंगी। यहां वे बस्तर की पारंपरिक व्यवस्था से जुड़े मांझी-चालकियों और अन्य जनजातीय प्रतिनिधियों से मुलाकात करेंगी।

राष्ट्रपति जनजातीय प्रतिनिधियों की समस्याएं सुनेंगी और उनसे बातचीत करेंगी। इसके बाद वे दोपहर का भोजन करेंगी। फिर लालबाग मैदान पहुंचकर बस्तर दशहरा प्रदर्शनी का अवलोकन करेंगी और आमसभा को संबोधित करेंगी। बस्तर दशहरे के मुरिया दरबार में किसी राष्ट्रपति की यह पहली भागीदारी होगी।

राष्ट्रपति सुबह 10:30 बजे भारतीय वायुसेना के विशेष विमान से जगदलपुर पहुंचेंगी। उनके दौरे को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। जगदलपुर एयरपोर्ट, सिरहासार भवन और मां दंतेश्वरी मंदिर क्षेत्र में ड्रोन उड़ाने पर प्रतिबंध लगाया गया है। कार्यक्रम और सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए शहर के कई प्रमुख मार्गों पर तय समय के दौरान आवागमन प्रतिबंधित रहेगा।

लालबाग मैदान में आमसभा को करेंगी संबोधित

मुरिया दरबार के बाद राष्ट्रपति लालबाग मैदान पहुंचेंगी। यहां बस्तर दशहरा प्रदर्शनी का अवलोकन करने के बाद आमसभा को संबोधित करेंगी। कार्यक्रम के बाद वे जगदलपुर एयरपोर्ट के लिए रवाना होंगी। यहां से विशेष विमान से रायपुर होते हुए नई दिल्ली लौटेंगी।