छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में टीचर रजनी बरेठ और उनके 12वीं में पढ़ने वाले बेटे सुजल बरेठ की हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया है

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में टीचर रजनी बरेठ और उनके 12वीं में पढ़ने वाले बेटे सुजल बरेठ की हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया है। आरोपी टीचर की सहेली का पति है। मामला जयनगर थाना क्षेत्र का है।

दरअसल, मामले की जांच अंबिकापुर साइबर सेल और सूरजपुर पुलिस की संयुक्त टीम कर रही थी। गुरुवार को पुलिस आरोपी को घटनास्थल पर लेकर पहुंची। यहां वारदात को समझने के लिए क्राइम सीन का रिक्रिएशन कराया गया।

गुरुवार रात पुलिस आरोपी को लेकर अंबिकापुर के तेंदूपारा पहुंची। वहां एक परिचित के घर से मोबाइल फोन और अन्य सामान बरामद किया गया। सूरजपुर एसपी ने बताया कि मामले का खुलासा आज (शुक्रवार) किया जाएगा।

जानिए क्या है पूरा मामला ?

जानकारी के मुताबिक, 10 अक्टूबर की सुबह जयनगर थाना क्षेत्र के महावीरपुर में नेशनल हाईवे-43 से लगी ग्रामीण सड़क किनारे एक युवक का शव मिला था। युवक की हत्या के बाद शव सड़क किनारे फेंका गया था।

मृतक की पहचान बिश्रामपुर के कार्मल कॉन्वेंट स्कूल में 12वीं के छात्र सुजल बरेठ (18) के रूप में हुई। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि सुजल की स्कूटी घर से करीब 500 मीटर दूर एक पेट्रोल पंप पर लावारिस हालत में खड़ी है।

देर रात पुलिस सुजल के घर पहुंची तो मुख्य दरवाजे पर ताला लगा मिला। उसकी मां रजनी बरेठ का भी पता नहीं चल रहा था। इसके बाद बिश्रामपुर पुलिस ने सुजल के रिश्तेदारों को मौके पर बुलाया। उनकी मौजूदगी में घर का ताला तोड़ा गया।

अंदर बाथरूम में सुजल की मां रजनी बरेठ (40) का शव भी संदिग्ध हालत में मिला

स्कूल की टीचर के पति को दूसरे राज्य से हिरासत में लिया

रजनी बरेठ बेलटिकरी के सरकारी स्कूल में टीचर थीं। वे हेडमास्टर का प्रभार भी संभाल रही थीं। पति से 5 साल पहले तलाक के बाद वह अपने बेटे सुजल के साथ विश्रामपुर थाना क्षेत्र के केशवनगर में किराए के मकान में रहती थीं। घटना के बाद पुलिस ने कई संदेहियों से पूछताछ की।

मामला ब्लाइंड मर्डर का होने के कारण सूरजपुर एसपी ने अंबिकापुर एसपी से बात की। इसके बाद अंबिकापुर साइबर सेल को भी जांच में शामिल किया गया। साइबर सेल और सूरजपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने कई संदिग्धों से पूछताछ की। आसपास के CCTV फुटेज खंगाले गए और संदिग्धों के मोबाइल की लोकेशन भी निकाली गई।

जांच के दौरान रजनी बरेठ के स्कूल में पदस्थ एक महिला टीचर के पति की भूमिका संदिग्ध मिली। जांच के बीच संदिग्ध फरार हो गया था। इसके बाद पुलिस ने उसे दूसरे राज्य से हिरासत में लिया। गुरुवार को पुलिस ने आरोपी और उसकी टीचर पत्नी को थाने बुलाकर कई घंटे तक पूछताछ की। इसके बाद पुलिस आरोपी को घटनास्थल पर लेकर पहुंची।

यहां वारदात को समझने के लिए क्राइम सीन का रिक्रिएशन कराया गया। देर शाम पुलिस आरोपी को लेकर अंबिकापुर के तेंदूपारा पहुंची। वहां उसके एक परिचित के घर से कुछ मोबाइल फोन, ज्वेलरी और अन्य सामान बरामद किया गया। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई आरोपी की कार भी जब्त कर ली है।