धमतरी शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र में देर रात अज्ञात चोरों ने करीब चार दुकानों के ताले तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया

Chhattisgarh Crimesधमतरी शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र में देर रात अज्ञात चोरों ने करीब चार दुकानों के ताले तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। इस दौरान एक कबाड़ी दुकान में चोरी के बाद आग लगा दी गई। आग में दुकान में रखा कई सामान जलकर खाक हो गया।

देर रात करीब 3 बजे दुकान में आग लगने की सूचना मिलने पर दमकल की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। सुबह होते-होते आसपास की अन्य दुकानों के ताले टूटने की जानकारी भी सामने आई। घटना के बाद दुकानदारों ने पुलिस गश्त पर सवाल उठाते हुए इसे बढ़ाने की मांग की है।

आसपास के दुकानदारों के मुताबिक, देर रात करीब 3 बजे दुकान में आग लगने की सूचना मिली। मौके पर पहुंचने पर कबाड़ी दुकान का ताला टूटा मिला और आग ने भीषण रूप ले लिया था। इसके बाद दमकल की टीम को सूचना दी गई। टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक दुकान का एक हिस्सा पूरी तरह जल चुका था। दुकान में रखा कई सामान भी जलकर खाक हो गया।

एक ही रात में चार दुकानों के ताले टूटे

दुकानदारों ने बताया कि एक ही रात में करीब चार दुकानों के ताले तोड़े गए। कुछ दुकानों में चोरी की वारदात हुई, जबकि कुछ में चोरी की कोशिश की गई। कबाड़ी दुकान में आग लगाए जाने की घटना ने आसपास के व्यापारियों की चिंता बढ़ा दी है।

दुकानदारों ने आशंका जताई कि इलाके में असामाजिक तत्वों का जमावड़ा रहता है और इस घटना में उनकी भूमिका हो सकती है। हालांकि, घटना को अंजाम किसने दिया, यह जांच के बाद ही स्पष्ट होगा।

पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग

लगातार दुकानों के ताले टूटने और कबाड़ी दुकान में आग लगने की घटना के बाद दुकानदारों ने रात में पुलिस गश्त पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि इलाके में नियमित गश्त बढ़ाई जानी चाहिए, ताकि इस तरह की वारदातों पर रोक लग सके।

फिलहाल, पुलिस को घटना की सूचना दी गई है। पुलिस अज्ञात आरोपियों की तलाश में जुटी है और मामले की जांच की जा रही है।

Exit mobile version