रायपुर के भाटागांव में गाली-गलौज से मना करने पर एक युवक पर चाकू से हमला कर दिया गया। उसकी दाहिनी जांघ और घुटने के नीचे चोटें आईं। यह घटना 23 अक्टूबर को सुबह करीब 1:30 बजे चिरीपारा में दंतेश्वरी मंदिर के पास हुई।
इस मामले में पुरानी बस्ती पुलिस ने आरोपी रवि ध्रुव (26) को गिरफ्तार कर लिया है। उसके पास से वारदात में इस्तेमाल किया गया बटनदार चाकू और घटना के समय पहनी हुई शर्ट जब्त कर ली गई है। कोर्ट में पेश करने के बाद आरोपी को ज्यूडिशियल रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस के मुताबिक, पीड़ित युवक 22 अक्टूबर की रात अपने परिचितों के साथ दुर्गा विसर्जन कार्यक्रम में शामिल होने गया था। लौटने के बाद 23 अक्टूबर की रात करीब 1:30 बजे रवि ध्रुव से उसकी मुलाकात दंतेश्वरी मंदिर के पास हुई। बातचीत के दौरान आरोपी ने पीड़ित और उसके साथियों पर टिप्पणी की, जिससे विवाद शुरू हो गया।
पीड़ित ने गाली-गलौज करने से मना किया तो आरोपी ने चाकू निकालकर उस पर हमला कर दिया। इससे उसके दाहिने पैर की जांघ और घुटने के नीचे चोट आई। घटना के बाद आरोपी मौके से भाग गया। घायल को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, फिर पुरानी बस्ती थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई।
चाकू और शर्ट जब्त
इस मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू की। पीड़ित और गवाहों के बयान दर्ज किए गए और घटना स्थल का निरीक्षण कर सबूत जुटाए गए। इसके बाद पुलिस ने रवि ध्रुव निवासी छिरिपारा भाठागांव को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पुलिस ने आरोपी के पास से वारदात में इस्तेमाल बटनदार चाकू और घटना के समय पहनी गई शर्ट जब्त की है। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 296 और 109(1) के साथ आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत कार्रवाई की गई है।