रेलवे में आरक्षित टिकट बुक कराने वाले यात्रियों को 27 अक्टूबर 2026 से आरक्षण काउंटरों पर भी वैकल्पिक यात्रा बीमा लेने की सुविधा मिलेगी

Chhattisgarh Crimesरेलवे में आरक्षित टिकट बुक कराने वाले यात्रियों को 27 अक्टूबर 2026 से आरक्षण काउंटरों पर भी वैकल्पिक यात्रा बीमा लेने की सुविधा मिलेगी। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के सभी यात्री आरक्षण प्रणाली (PRS) काउंटरों पर यह सुविधा शुरू की जा रही है। अब तक यह विकल्प ऑनलाइन ई-टिकट बुक करते समय मिलता था। यात्री अपनी इच्छा से बीमा ले सकेंगे, यह अनिवार्य नहीं होगा।

आरक्षण काउंटर पर कर्मचारी यात्रियों को बीमा की जानकारी देंगे और उनकी सहमति दर्ज करेंगे। बीमा लेने के लिए यात्री को मोबाइल नंबर देना होगा और तय प्रीमियम का भुगतान डिजिटल माध्यम से करना होगा। बीमा पॉलिसी की जानकारी पंजीकृत मोबाइल नंबर पर भेजी जाएगी। टिकट बुक कराते समय यात्री बीमा का विकल्प चुनने से पहले इसकी शर्तें और प्रीमियम जरूर जांच लें।

योजना के तहत पात्र रेल दुर्घटना या अन्य निर्धारित घटना में मौत होने पर 10 लाख रुपए तक का बीमा कवर मिलेगा। स्थायी रूप से पूरी तरह दिव्यांग होने पर भी 10 लाख रुपए और स्थायी आंशिक दिव्यांगता पर 7.50 लाख रुपए तक का कवर निर्धारित है।

चोट लगने पर अस्पताल में भर्ती के खर्च के लिए 2 लाख रुपए तक और पार्थिव शरीर को ले जाने के लिए 10 हजार रुपए तक का प्रावधान है। ये लाभ पॉलिसी की शर्तों और पात्रता के अनुसार मिलेंगे।

प्रति यात्री 45 पैसे प्रीमियम का प्रावधान

पॉलिसी दस्तावेज के अनुसार, 17 फरवरी 2024 से लागू प्रीमियम सभी करों सहित 45 पैसे प्रति यात्री निर्धारित है। हालांकि, काउंटर से टिकट बुक कराते समय लागू प्रीमियम की पुष्टि करना जरूरी होगा।

यह सुविधा कन्फर्म, आरएसी और आंशिक रूप से कन्फर्म टिकट वाले पात्र भारतीय रेल यात्रियों के लिए है। बिना बर्थ या सीट के यात्रा करने वाले पांच साल से कम उम्र के बच्चे इस बीमा कवर में शामिल नहीं हैं।

बीमा दावे के लिए कंपनी से करना होगा संपर्क

बीमा पॉलिसी जारी करने और पात्र दावों का निपटारा करने की जिम्मेदारी संबंधित बीमा कंपनी की होगी। किसी दुर्घटना या बीमा संबंधी पूछताछ के लिए यात्रियों को पॉलिसी में दिए गए संपर्क विवरण के आधार पर सीधे बीमा कंपनी से संपर्क करना होगा।

रेलवे और आईआरसीटीसी बीमा दावों का निपटारा नहीं करते। रेलवे के अनुसार, इस सुविधा को शुरू करने के लिए तकनीकी व्यवस्था की जा रही है और आरक्षण काउंटरों के कर्मचारियों को इसकी जानकारी दी जाएगी।

Exit mobile version