बलौदाबाजार जिले में बिलासपुर-रायपुर नेशनल हाईवे पर ग्राम दरचुरा के पास सोमवार सुबह बस हादसे में 5 लोगों की मौत हो गई

Chhattisgarh Crimesबलौदाबाजार जिले में बिलासपुर-रायपुर नेशनल हाईवे पर ग्राम दरचुरा के पास सोमवार सुबह बस हादसे में 5 लोगों की मौत हो गई। 3 की पहले और 2 घायलों ने रायपुर में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया है। 10 से ज्यादा लोग घायल हो गए। सुबह करीब 5:30 बजे अंबिकापुर से रायपुर जा रही रॉयल कंपनी की सवारी बस सड़क पर खड़े ट्रक से पीछे से टकरा गई।

हादसे में एक यात्री का पैर कटकर अलग हो गया। बस में फंसे यात्रियों को गैस कटर की मदद से बाहर निकाला गया। हादसा सिमगा थाना क्षेत्र में इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के पास हुआ। जानकारी के मुताबिक, नेशनल हाईवे पर एक ट्रक खराब हो गई थी। सुरक्षा के लिए ट्रक के पास स्टॉपर लगाया गया था।

इसी दौरान अंबिकापुर से रायपुर जा रही बस (CG04 NM 0859) ट्रक के पीछे से टकरा गई। बस में 22 यात्री सवार थे। हादसे में जशपुर निवासी ड्राइवर भागीरथी यादव (37), बलरामपुर निवासी हेल्पर पवन देवांगन (24) और बलरामपुर के ही यात्री समीम मोहम्मद (39) की मौत हो गई।

वहीं बलरामपुर के रहने वाले अतुल कुमार (33) और रायगढ़ के रहने वाले सुंदर लाल (49) साल को रायपुर एम्स और मेकाहारा रेफर किया गया था, जहां दोनों की मौत हो गई है।

खड़े ट्रक के पीछे से तेज रफ्तार सवारी बस टकरा गई।

गैस कटर से निकाले गए बस में फंसे यात्री

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस बल, एंबुलेंस और बचाव दल मौके पर पहुंच गए। टक्कर के बाद कुछ घायल यात्री बस में फंस गए थे। उन्हें गैस कटर और अन्य उपकरणों की मदद से बाहर निकाला गया।

Exit mobile version