गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में अलग-अलग घटनाओं में आबकारी विभाग ने अवैध शराब बिक्री के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से 13.17 लीटर देशी और विदेशी शराब जब्त की गई है।
वहीं, पुलिस और खाद्य विभाग की संयुक्त टीम ने वैध दस्तावेज नहीं होने पर धान, चावल और कोढ़ा से लदा मालवाहक वाहन जब्त किया है।
दूसरी ओर, ग्राम निमधा में गूगल मैप के बताए रास्ते पर चलते हुए सूरजपुर निवासी 52 वर्षीय नौसाद अहमद की कार तालाब में गिरने से बाल-बाल बच गई।
अण्डी गांव में शराब बेचने के आरोप में दो गिरफ्तार
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में आबकारी विभाग ने अवैध शराब बिक्री पर कार्रवाई की है। ग्राम अण्डी में अलग-अलग जगहों पर दबिश देकर कुल 13.17 लीटर देशी और विदेशी शराब जब्त की गई। इस दौरान बालकृष्ण गुप्ता और प्रहलाद गुप्ता नाम के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
बालकृष्ण गुप्ता के घर से 5.73 लीटर और प्रहलाद गुप्ता के पास से 7.44 लीटर शराब मिली। दोनों के खिलाफ छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धाराओं 34(1)(क)(ख) और 34(2) के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू की गई है।
यह कार्रवाई कलेक्टर विजय दयाराम और प्रभारी जिला आबकारी अधिकारी कुसुमलता जोल्हे के निर्देश पर हुई। इसमें आबकारी उपनिरीक्षक चंद्रभान साहू, जागेश्वर सिंह, प्रधान आरक्षक कल्याण प्रसाद कहरा, आरक्षक गौरव स्वर्णकार और इंद्रभान राठौर शामिल थे।
80 बोरी धान, चावल और कोढ़ा से लदा वाहन जब्त
जिले में पुलिस और खाद्य विभाग की संयुक्त टीम ने वैध दस्तावेजों के बिना धान और चावल ले जाने के मामले में एक मालवाहक वाहन जब्त किया है। वाहन में धान, चावल और कोढ़ा की कुल 80 बोरियां लदी थीं। सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) के चावल के अवैध परिवहन की आशंका पर भी जांच की जा रही है।
खाद्य विभाग के मुताबिक, शुक्रवार को गौरेला विकासखंड के सारबहरा ओवरब्रिज के पास चावल के अवैध परिवहन की सूचना मिली थी। इसके बाद टीम ने माजदा वाहन क्रमांक CG 10 AR 3872 को रोककर जांच की।
पूछताछ में वाहन चालक घनश्याम और हेल्पर अभिषेक कुमार गोंड ने बताया कि सामग्री अमरपुर निवासी बाबूलाल गुप्ता के घर से लोड की गई थी और इसे गौरेला स्थित नर्मदा राइस मिल ले जाया जा रहा था।
टीम ने जब परिवहन से जुड़े दस्तावेज मांगे तो चालक कोई वैध दस्तावेज नहीं दिखा सका। इसके बाद वाहन और उसमें लदी सामग्री जब्त कर आगे की कार्रवाई के लिए थाना प्रभारी गौरेला की सुपुर्दगी में सौंप दी गई।